मौरूसी अमले के चुनाव की मांग
दरगाहमें विभिन्न खिदमात अंजाम देने वाले मौरूसी अमले के चुनाव हुए दस साल बीत चुके हैं। अध्यक्ष पद भी सात साल से खाली चला रहा है। अमले के सदस्यों ने रविवार को आयोजित बैठक में अमले के नए चुनाव की मांग की है।
लाखन कोटड़ी स्थित सब्जवार गेस्ट हाउस में मौरूसी अमले की बैठक हुई। इसमें सदस्यों ने कहा कि अमले के चुनाव हुए करीब 10 साल हो चुके हैं। हालत यह हैं कि दस साल पूर्व चुने गए अध्यक्ष खुर्शीद अहमद का इंतकाल सात वर्ष पूर्व हो चुका है। अमला बिना अध्यक्ष के ही चल रहा है। ऐसे में चुनाव की मांग जोर पकड़ने लगी है। सदस्य उस्मान घड़ियाली ने बताया कि यह बैठक पूर्व में हुई बैठक में लिए गए फैसलों के विरुद्ध अमले के एक पक्ष को संतुष्ट करने के लिए सदस्यों की राय पर ही रखी गई है। बेवा वजीफा, मेडिकल शिक्षा का पूरा भुगतान, लंगर देग की रकम अलाउंस बढ़ाना, दरगाह कमेटी की नौकरियों में अमले के योग्य बेरोजगारों के लिए रिजर्वेशन या प्राथमिकता देना आदि मांगों के साथ ही यह मांग भी रखी गई कि दरगाह में वीवीआईपी विजिट के दौरान अमले को चार पास देने चाहिए। इन सब मांगों के लिए 25 सितंबर को दरगाह कमेटी के सदर असरार अहमद को दरगाह नाजिम के माध्यम से ज्ञापन दिया जाएगा। बैठक में कमर बेग, कुर्सीय गुल, तनवीर अहमद, शमां अफरोज, अब्दुल कुद्दूस पेशेजीना,मोहम्मद अनीस-नफीस खां, शेख असरार, मोहम्मद शाहनवाज, अनवार अहमद, शेख इफ्तेखार हुसैन, शाही कव्वाल चौकी अव्वल, कलीम खान, नईम खान मोहम्मद शम्मी मोहम्मद हसन नक्कारची फानुसबरदाबार समेत 15 सदस्य उपस्थित थे। तनवीर अहमद ने संचालन किया।