ढाई घंटे देरी से पहुंची ट्रेनें
अजमेर | भीलवाड़ाके रास्ते अजमेर की ओर आने वाली उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी समेत चार प्रमुख ट्रेनें दो से ढाई घंटे देरी से अजमेर पहुंची। यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे की ओर से भीलवाड़ा जिले में मंडापिया हमीरगढ़ के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 73 पर अंडरब्रिज निर्माण का कार्य चल रहा है। इस अंडरब्रिज पर रविवार को इंजीनियरिंग ब्लॉक रखा जा रहा था। इसके चलते सुबह 5.50 बजे से 12.35 बजे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी को 10.45 बजे से 12.45 बजे तक हमीरगढ़ में ही रोके रखा गया। यह ट्रेन निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से अजमेर पहुंची। रतलाम-अजमेर एक्सप्रेस को सोनियाणा में रोक दिया गया। यह ट्रेन सुबह 11.07 से दोपहर 12.55 बजे तक रुकी रही। यह ट्रेन भी अजमेर करीब 2 घंटे देरी से पहुंची। अजमेर-उदयपुर पैसेंजर गाड़ी को सुबह 11.25 से 13.35 बजे तक भीलवाड़ा में रोके रखा गया। इस ट्रेन के यात्री भी दो घंटे से अधिक विलंब से अजमेर पहुंचे। इधर जयपुर-उदयपुर स्पेशल ट्रेन को भी 11 बजे से दोपहर 1.25 बजे तक मंडापिया में रोक दिया गया। यह ट्रेन भी अजमेर रेलवे स्टेशन विलंब से पहुंची। इधर, अजमेर रेलवे स्टेशन से भी ये ट्रेनें अपने निर्धारित समय से दो से ढाई घंटे देरी से रवाना हुईं। इनके चलते कुछ अन्य ट्रेनों का शिड्यूल भी गड़बड़ा गया। यात्रियों को इन गाड़ियों का काफी इंतजार करना पड़ा।
मंडपिया-हमीरगढ़ अंडरब्रिज निर्माण