अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आरएएस 2012 के साक्षात्कार सोमवार से पुन: शुरू किए जाएंगे। इस द्वितीय चरण में कुल 480 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार होंगे। आयोग ने साक्षात्कार के लिए दो बोर्ड गठित किए हैं।
आयोग सचिव के मुताबिक आरएएस 2012 की मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार दो बोर्ड में लिया जाना निश्चित किया गया है।
सोमवार से प्रतिदिन सुबह 9 बजे और दोपहर 1.30 बजे से दो बोर्ड साक्षात्कार लेंगे। अब प्रतिदिन 30 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार किए जा सकेंगे। कार्यक्रम के अनुसार 16 दिन में कुल 480 अभ्यर्थी के साक्षात्कार होंगे। शेष अभ्यर्थियों के साक्षात्कार का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा। पहले चरण में आयोग केवल एक बोर्ड के माध्यम से ही साक्षात्कार कर रहा था और प्रतिदिन केवल 15 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार किए जा रहे थे।
इन तिथियों में होंगे साक्षात्कार
9 से 13 फरवरी तक, इसके बाद 16 को, 18 से 20 तक, फिर 23 से 26 तक, मार्च में 2 से 4 तक साक्षात्कार होंगे।
इसलिए हुए थे स्थगित
गौरतलब है कि आयोग द्वारा 7 जनवरी से जारी पहले चरण के साक्षात्कार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 20 जनवरी को स्थगित कर दिए गए थे। यह चरण 6 फरवरी को पूरा होना था। 20 जनवरी से 6 फरवरी तक जिन अभ्यर्थियों के साक्षात्कार होने थे, आयोग उनके साक्षात्कार का कार्यक्रम बाद में अलग से जारी करेगा।