अपना बाजार की सदस्यता अब महंगी
अजमेर| अजमेरसहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार (अपना बाजार) का सदस्यता शुल्क अब बढ़ाकर 500 रुपए कर दिए गए हैं। अपना बाजार के महाप्रबंधक के अनुसार सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार ने हाल ही में संशोधित आदर्श उप नियम के तहत श्रेणी के व्यक्तिगत सदस्यों का शुल्क कम से कम एक हिस्सा राशि यानी 500 रुपए कर दिया है। इस श्रेणी के सदस्यों को साल में कम से कम दो हजार का व्यवसाय भी बाजार से करना अनिवार्य है। इसी प्रकार प्राथमिक कृषि ऋणदायी सहकारी समितियों तथा प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार तथा प्राथमिक समितियों एवं महिला सहकारी समितियों को कम से कम दस हिस्से यानी पांच हजार रुपए जमा कराना अनिवार्य है। ऐसी समितियों को कम से कम 25 हजार रुपए का व्यवसाय भी एक वर्ष में भंडार से करना अनिवार्य है। महाप्रबंधक ने सभी व्यक्तिगत सदस्यों एवं समितियों से सदस्यता को जारी रखने के लिए शेष हिस्सा राशि जमा कराने का आग्रह किया है।