स्वच्छता रथ रवाना सफाई का संदेश
अजमेर| पेयजलएवं स्वच्छता मंत्रालय भारत सरकार एवं ग्रामीण विकास पंचायतीराज विभाग द्वारा आयोजित निर्मल भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय स्वच्छता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। जिला स्वच्छता मिशन की अध्यक्ष जिला प्रमुख सीमा माहेश्वरी, जिला कलक्टर भवानी सिंह देथा एवं विधायक वासुदेव देवनानी ने जिला परिषद से स्वच्छता रथों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
जिला परिषद के सीईओ एल.आर. गूगरवाल ने बताया कि स्वच्छता जागरूकता सप्ताह के तहत जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत एवं ग्राम स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता रथों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों को गांवों को खुले में शौच मुक्त बनाने एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
स्वच्छ भारत सप्ताह के दौरान नगर निगम की ओर से शुक्रवार को शहर के चुनिंदा स्कूलों के परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर की मुख्य सड़कों की सफाई का दौर भी चलता रहा। सफाई के प्रति जागरूकता को लेकर छात्राओं को लघु फिल्म भी दिखाई गई। नगर निगम के सीईओ सीआर मीणा के अनुसार शुक्रवार को शिक्षण संस्थानों में कुर्सी-मेज की सफाई को लेकर जागरुकता अभियान चलाया गया। माॅडल, सावित्री, भजनगंज, बालुपुरा तथा सेंट्रल गर्ल्स स्कूल में छात्राओं के साथ मिल कर सफाई कार्य किया गया। छात्र-छात्राओं ने अभियान में उत्साह से भाग लेते हुए स्कूल परिसरों में सफाई की। सावित्री स्कूल में शिक्षिका डिंपल शर्मा समन्वयक सेवा संस्थापन ने सफाई व्यवस्था पर लघु फिल्म भी दिखाई।