अजमेर. जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में जल्द ही मरीजों को एमआरआई की सुविधा मिलने लगेगी। पीपीपी मोड पर अस्पताल में एमआरआई मशीन लगाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में बुधवार को विभिन्न कंपनियों को आमंत्रित किया गया।
कंपनी प्रतिनिधियों ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. पीसी वर्मा से मिलकर चर्चा की। डॉ. वर्मा ने बताया कि जयपुर का
सोनी अस्पताल, महाराजा हेल्थ केयर, केएमजी, सीमंस, फिलिप्स, विप्रो और सिद्धार्थ कंपनी पीपीपी मोड पर एमआरआई सुविधा देने को तैयार है। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भी पीपीपी मोड पर एमआरआई सुविधा दी जा रही है। जो दर वहां है, वही अजमेर में ली जाएगी। राज्य सरकार के दिशा निर्देश के तहत बीपीएल, सीनियर सिटीजंस, विधवा सहित 20 प्रतिशत आरक्षित वर्ग को निशुल्क सुविधा प्रदान की जाएगी। यह टेंडर तीन साल के लिए दिया जाएगा। डॉ. वर्मा ने बताया कि कंपनियों के प्रतिनिधियों को जगह भी दिखा दी गई। प्रक्रिया पूरी होने में दो से तीन माह का समय लगेगा।