- Hindi News
- जिले से 25 हजार कार्यकर्ता जाएंगे आज जयपुर
जिले से 25 हजार कार्यकर्ता जाएंगे आज जयपुर
वसुंधरासरकार के एक साल पूरा होने पर शनिवार को जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में अजमेर जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों से करीब 25 हजार भाजपा कार्यकर्ता, बूथ लेबल कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। भाजपा कार्यकर्ता अपनी-अपनी विधानसभ से सुबह सात बजे जयपुर के लिए रवाना होंगे।
शिक्षा राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि जयपुर के अमरूदों के बाग में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए कार्यकर्ताओं में खास उत्साह है। जयपुर जाने के लिए कार्यकर्ताओं के लिए 8 विधानसभा क्षेत्रों के स्तर पर 400 बसों की व्यवस्था की गई है। साथ ही कार एवं अन्य वाहनों से भी कार्यकर्ता जाएंगे। सरकार के एक साल पूरा होने पर दो केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी और पीयूष गोयल भी सीएम राजे के साथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
एक साल में अजमेर का हुआ विकास
देवनानी ने बताया कि राजे के नेतृत्व में एक साल में अजमेर का विकास हुआ है। अजमेर को स्मार्ट सिटी हैरिटेज सिटी घोषित करने के साथ जेएलएन अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में नया आईसीयू का लोकार्पण किया। कार्डियोथोरेसिक यूनिट को भी शुरू किया जा रहा है। वर्षों से खराब सड़कों की भी दशा बदली है। एक करोड़ की लागत से फॉयसागर जाने वाली मुख्य सड़क का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से रीजनल कॉलेज के सामने आनासागर की पाल पर पाथ-वे का निर्माण किया जा रहा है।
शहरसे सुबह 7 बजे रवाना होंगे कार्यकर्ता
शहरभाजपा अध्यक्ष अरविंद यादव ने बताया कि अजमेर शहर से सुबह सात बजे कार्यकर्ता जयपुर के लिए रवाना होंगे। यादव ने बताया कि संगठन ने सभी तैयारियां कर ली हैं। अजमेर दक्षिण के प्रभारी सुरेन्द्र सिंह शेखावत, अजमेर उत्तर के प्रभारी धर्मेंद्र गहलोत सहित मंडल अध्यक्ष आनन्द सिंह राजावत, घीसू गढ़वाल, नरपतसिंह रमेश सोनी ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।