अजमेर. नगर निगम के अतिक्रमण हटाआे दस्ते ने बुधवार को निगम कार्यालय के बाहर से मार्टिंडल ब्रिज तक सड़क पर दोनों ओर से अस्थाई अतिक्रमण हटाए। निगम की कार्रवाई से रेहड़ी ठेले लगाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। इधर, दरगाह बाजार में सफाई अभियान के दौरान दुकानों के बाहर वर्षों से नालियों पर जमा अतिक्रमण हटाए गए। एडीएम सिटी हरफूल सिंह के साथ जिला प्रशासन की टीम ने नालियों से कचरा निकालकर सड़क पर झाड़ू लगकर स्वच्छता का संदेश दिया।
एडीएम सिटी हरफूल सिंह के नेतृत्व में दरगाह बाजार में साफ-सफाई की गई। बाजार में रास्ते के दोनों आेर दुकानदारों ने अस्थाई अतिक्रमण कर दुकानों के बाहर नालियां कवर्ड कर रखी थीं। नगर निगम के दस्ते को बुलाकर नालियों से अतिक्रमण हटवाया गया। नालियों के ऊपर रखे दुकानदारों के तख्ते टेबल जब्त कर लिए गए। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान दरगाह बाजार व्यापारिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने निगम अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने दरगाह बाजार में भिखारियों की भीड़, देर रात तक जमा रहने वाले ठेले वालों पर भी कार्रवाई की मांग की।
यहां भी हटाए अस्थाई अतिक्रमण : दल ने निगम कार्यालय के बाहर, जीपीआे, गांधी भवन, स्टेशन रोड, क्लॉक टावर, माल गोदाम, केईएम आैर मार्टिंडल ब्रिज तक दोनों आेर सड़क पर जमा अस्थाई अतिक्रमण हटाए। इस दौरान तराजू, बाट-माप, ठेले सहित अन्य सामान जब्त किए गए। इधर, निगम की टीम को देखकर कई जगह ठेले वाले तितर-बितर हो गए। कार्रवाई के बाद उन्होंने वापस अस्थाई अतिक्रमण जमा लिया। सीईआे सीआर मीणा ने बताया कि अतिक्रमण हटाआे दस्ते की कार्रवाई रोजाना तब तक जारी रहेगी, जब तक पूरा शहर अतिक्रमण मुक्त नहीं हो जाता।
पैदल चलना तक मुश्किल : निगम रोजाना अतिक्रमण तोड़ने की कार्रवाई कर रही है, बावजूद इसके शहर के बाजारों के हालात दिनोंदिन बिगड़ते जा रहे हैं। मदार गेट, कवंडसपुरा, न्यू कवंडसपुरा, मीट मार्केट, प्लाजा रोड, सब्जी मंडी, केसरगंज, डिग्गी बाजार सहित आसपास के कई क्षेत्र तो ऐसे हैं जहां पैदल चलना भी मुश्किल है।
नई पार्किंग के चारों आेर अतिक्रमण: कवंडसपुरा में हाल ही में निगम द्वारा बनवाई गई सार्वजनिक पार्किंग के चारों आेर ठेले वालों ने अतिक्रमण जमा लिया। हालात यह हैं कि पार्किंग तक वाहन लाने और ले जाने तक का रास्ता नहीं है।