- Hindi News
- अधेड़ की हत्या के दो आरोपियों का रिमांड बढ़ाया
अधेड़ की हत्या के दो आरोपियों का रिमांड बढ़ाया
नसीराबाद| अदालतने दूधिया मोहल्ले के नजदीक स्थित पार्क में 3 दिसंबर की रात को अधेड़ की नृशंस हत्या के मामले में 2 आरोपियों की रिमांड अवधि बढ़ा दी है। वहीं एक महिला एक अन्य आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज देने के आदेश दिए हैं।
अजमेर के अवकाश कालीन मजिस्ट्रेट ने पुलिस द्वारा हत्या के आरोपियों कंजर बस्ती निवासी राजन पुत्र मूलचंद, बिरजू पुत्र कैलाश, रामकुमार पुत्र मोहन और राजन की मां सन्नू को रविवार को रिमांड अवधि समाप्त होने पर अदालत में पेश किया था। पुलिस ने मुख्य आरोपियों राजन और बिरजू को बापर्दा तथा राम कुमार और सन्नू को बेपर्दा अदालत में पेश किया था। अदालत ने मुख्य आरोपी राजन और बिरजू की रिमांड अवधि 16 दिसंबर तक बढ़ाने और सहयोगी आरोपी रामकुमार और महिला सन्नू को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज देने के आदेश दिए। पुलिस को आरोपियों से रिमांड अवधि के दौरान मृतक अधेड़़ केसरपुरा रामसर निवासी रामकरण गुर्जर के गायब बाएं हाथ के अतिरिक्त कान में पहनी सोने की मुरकियां और अन्य किसी वारदात में भी लिप्त होने के बारे में पूछताछ करनी है।