- Hindi News
- तीन साल का दिया था टेंडर, एक साल में ही भगा दिया फर्म को
तीन साल का दिया था टेंडर, एक साल में ही भगा दिया फर्म को
रीकोद्वारा गेगल में बिजली के रखरखाव के लिए निश्चित अवधि के लिए दिया गया टेंडर बीच में खत्म करने का मामला प्रकाश में आया है। रीको की इस कार्रवाई का खामियाजा गेगल के उद्यमियों को भुगतना पड़ रहा है। कोढ़ में खाज यह है कि अब रीको को गेगल में बिजली के रखरखाव के लिए कोई नई फर्म नहीं मिल रही है।
गेगल औद्योगिक क्षेत्र में करीब 150 औद्योगिक इकाइयां हैं। जिले के औद्योगिक विकास में इस औद्योगिक क्षेत्र का भी महत्वपूर्ण रोल है। लेकिन संभवतया रीको प्रबंधन को इससे कोई सरोकार नहीं है। यहां की मूलभूत सुविधाओं के लिए उद्यमी परेशान हैं। इन दिनों जारी स्ट्रीट लाइट बंद रहने की समस्या के पीछे मूल कारण यह है कि रीको ने एक-डेढ़ साल पूर्व जयपुर की एक फर्म को इस क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुचारू रखने का तीन साल का ठेका दिया था। रीको ने एक साथ तीन साल के ठेके को एक साल में ही खत्म कर दिया। फर्म अपना सामान समेट कर वापस रवाना हो गई और इधर उद्यमियों की परेशानियां बढ़ गईं। रात में क्षेत्र में अंधेरा रहने लगा है।
नई फर्म नहीं मिल रही
इधर, जयपुर की फर्म को हटाने के बाद रीको ने नई फर्म तलाशने की कोशिश की। इसके लिए पिछले सप्ताह ही नए टेंडर मांगे गए लेकिन एक भी फर्म सामने नहीं आई। नतीजा, गेगल की समस्या का कोई समाधान नहीं निकल पा रहा है।
पुरानीफर्म को ही कुछ समय और बढ़ा दें : रीकोके सीनियर रीजनल मैनेजर एसपी शार्दुल ने इस संबंध में कहा कि रीको मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है कि नई फर्म की व्यवस्था होने तक 6 महीने के लिए पुरानी फर्म को ही एक्सटेंशन दे दिया जाए। मुख्यालय से स्वीकृति के बाद ही इस संबंध में आगे कार्रवाई हो सकेगी।