बजट के अभाव में विकास कार्य प्रभावित
अजमेरनगर निगम बजट के अभाव में शहर में विकास कार्य नहीं करवा पा रहा है। इधर, भाजपा और कांग्रेस के पार्षद नगर निगम से कार्य कराने की मांग कर रहे हैं। निगम प्रत्येक वार्ड में दस लाख रुपए का कार्य करता तो है तो उसको साढ़े पांच करोड़ रुपए की आवश्यकता है, लेकिन कोष में इतनी राशि नहीं है। इसके चलते निगम ने प्रत्येक वार्ड में पांच-पांच लाख रुपए के कार्य कराने का फैसला किया है। इसमें भी कई वार्डों में अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। निगम पूरी राशि विकास पर खर्च कर देता है तो उसको अधिकारी और कर्मचारियों का वेतन चुकाने में कठिनाई आएगी। वेतन प्रतिमाह करीब 80 लाख रुपए होता है। इसके अलावा सफाई ठेकेदारों को प्रतिमाह एक करोड़ रुपए से अधिक भुगतान करना होता है। इधर, महज पांच-पांच लाख रुपए के विकास कार्य से पार्षद संतुष्ट नहीं हैं। सीईओ सीआर मीणा का कहना है कि निगम के पास आय के स्रोत सीमित हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखना पड़ता है।