- Hindi News
- \"श्रद्धालुओं को दिलाएं बेहतर सुविधाएं\'
\"श्रद्धालुओं को दिलाएं बेहतर सुविधाएं\'
सफाई स्वच्छता के लक्ष्य हासिल करें
पुष्करपशु मेला 31 अक्टूबर से 8 नवंबर तक आयोजित होगा। इसको लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के समिति कक्ष में पुष्कर मेला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर भवानी सिंह देथा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
देथा ने कहा कि मेले में आने वाले पशुपालकों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं दी जाएं। पुष्कर विधायक सुरेश रावत ने कहा कि मेला मैदान सहित पूरे मेला क्षेत्र में सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का खास ध्यान रखा जाए। अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने कहा कि अजमेर से पुष्कर जाने वाले ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाए, ताकि घाटी मेला क्षेत्र में अव्यवस्था हो। एकादशी से पूर्णिमा तक पुष्कर सरोवर में स्नान करने आने वाल श्रद्धालुओं की सुरक्षा के बंदोबस्त किए जाएं। जिला प्रमुख सीमा माहेश्वरी ने कहा कि पुष्कर सरोवर में अधिक गहराई वाले स्थानों को चिन्हित कर लाल झंडी लगाई जाए, ताकि लोगों को पानी की गहराई का पता चल सके। महापौर कमल बाकोलिया ने कहा कि टोल नाके पर वाहनों से वसूले जाने वाले शुल्क को दर्शाने वाले बोर्ड लगाए जाएं। पुष्कर नगरपालिका अध्यक्ष मंजू कुर्डिया एवं पीसांगन प्रधान कमलेश कंवर पोखरणा ने भी सुझाव दिए। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. गुलाबचंद जिंदल ने बताया कि पुष्कर पशु मेला 31 अक्टूबर से शुरू होगा एवं 8 नवंबर तक चलेगा। 29 अक्टूबर से पशु चौकियां स्थापित की जाएंगी। मेले के दौरान राजस्थान रोडवेज 110 बसें चलाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद कलेक्टर प्रशासनिक अिधकारी।