रेल कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
अजमेर| यातायातलेखा एवं संकलन कार्यालय अजमेर पश्चिम रेलवे के मुंबई स्थानांतरण के विरोध में मंगलवार को विभिन्न कर्मचारी संगठनों के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर धरना दिया। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि कर्मचारियों के एनडब्ल्यूआर में समायोजन की नीति का जब तक खुलासा नहीं हो जाता उनका आंदोलन जारी रहेगा। 51 कर्मचारी धरने पर बैठे हैं।
वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन, पश्चिम रेलवे मजदूर संघ, एससीएसटी लेखा और ओबीसी लेखा से जुड़े कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं। उक्त कार्यालय के मुंबई में स्थानांतरण होने पर यहां पर काम करने वाले कर्मचारियों को एनडब्ल्यूआर में समायोजित किया जाना है। इसको लेकर पूर्व में संगठन ने सुझाव भी दिए थे। लेकिन उच्च अधिकारियों ने इन्हें नजरअंदाज कर प्रक्रिया को प्रारंभ किया जा रहा है। जबकि उनकी मांग है कि कर्मचारियों की सिनियरिटी को ध्यान में रखते हुए नीति को बनाया जाए। ताकि भविष्य में कर्मचारी को किसी प्रकार की परेशानी ना हो।