अजमेर. समय पर ऋण नहीं चुकाने वाले ऋणियों की अब खैर नहीं है। भूमि विकास बैंक जल्द ही ऐसे ऋणियों की जमीन नीलाम करेगा। ये निर्णय बैंक के अध्यक्ष रमेश चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को जयपुर रोड स्थित सहकार भवन में लिया गया। आम सभा में वर्ष 2014-15 का 3 करोड़ 7 लाख रुपए का बजट भी पारित किया गया।
बैंक अध्यक्ष रमेश चौधरी ने आमसभा में बैंक की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अवधिपार ऋण वसूली पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने बताया कि बैंक को इस वर्ष 11 लाख रुपए का लाभ हुआ, जबकि अगले वर्ष 26 लाख रुपए के लाभ अर्जन की योजना तैयार की गई है।
बैंक सचिव जीएल गुप्ता ने बताया कि 14 करोड़ रुपए के बकाया ऋण वसूलने के लिए ऋणियों की जमीन को नीलाम किया जाएगा। किसी व्यक्ति द्वारा ऋणी की जमीन की बोली नहीं लगाने पर बैंक के पक्ष में बोली छोड़ी जाएगी।
उन्होंने बताया कि वसूली के साथ ऋण वितरण का लक्ष्य भी साढ़े तीन करोड़़ से बढ़ाकर अब वर्ष 2014-15 में 5 करोड़ कर दिया गया है। अपना बाजार के पूर्व अध्यक्ष अजीत जैन, बीरम सिंह रावत बैंक के उपाध्यक्ष बुंदू खां समेत संचालक मंडल के सभी सदस्य बैंक के सदस्य आमसभा में मौजूद थे।