दुविधा में शिक्षक
जिस दिन शिक्षक सम्मेलन उसी दिन व्याख्याता परीक्षा
अजमेर| राजस्थानलोक सेवा आयोग ने शिक्षा विभाग का शिविरा पंचांग देखे बिना वाणिज्य विषय के स्कूल व्याख्याता की पुन: परीक्षा तिथि जारी कर दी है। 27 सितंबर को परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जबकि 26 27 सितंबर को जिला स्तरीय शिक्षक सम्मेलन आयोजित होंगे। सम्मेलन के मद्देनजर प्रदेश में शिक्षकों का (प्रधानाध्यापक प्रधानाचार्य सहित) अवकाश घोषित किया हुआ है। इन दो दिवसों के अवकाश के दौरान शिक्षक, शिक्षक सम्मेलन में भाग लेंगे।
राजस्थान शिक्षक संघ राधाकृष्णन के प्रदेशाध्यक्ष विजय सोनी ने बताया कि आयोग एवं शिक्षा विभाग में तालमेल नहीं होने से यह हालात बने हैं। इस संबंध में जब आयोग अध्यक्ष से फोन पर बात कर शैक्षिक सम्मेलनों की जानकारी देते हुए उक्त परीक्षा की तिथि को बदलने का आग्रह किया गया, लेकिन आयोग अध्यक्ष ने अपनी लाचारी जताते हुए कहा कि उन्हें सम्मेलन की जानकारी नहीं है। उन्होंने 27 सितंबर को ही उक्त परीक्षा को करवाने की बात कही। सोनी ने बताया कि उक्त परीक्षा तिथि पर सभी शिक्षक अवकाश पर होंगे एवं सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। ऐसी स्थिति में आयोग को अपने स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था करने की चेतावनी दी गई है। इसके लिए आयोग प्रशासन किसी भी हालात के लिए स्वयं ही जिम्मेदार होगा, क्योंकि 27 सितंबर को आयोग की इस परीक्षा में कोई शिक्षक ड्यूटी नहीं देगा।