- Hindi News
- गड़बड़ी मामले में निलंबित बैंक पीओ गिरफ्तार
गड़बड़ी मामले में निलंबित बैंक पीओ गिरफ्तार
बैंकऑफ बड़ौदा की पृथ्वीराज मार्ग शाखा में वित्तीय गड़बड़ी के मामले में निलंबित प्रोबेशनरी अधिकारी जैकीराम खानचंदानी को कोतवाली थाना पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। खानचंदानी ने बैंक कोष और ग्राहक के खाते से अवैध रूप से रुपए निकाल लिए थे। इस मामले में बैंक प्रशासन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। थाना प्रभारी जितेंद्र गंगवानी के अनुसार आरोपी से इस गड़बड़ी में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
कांग्रेस नेता हेमंत भाटी के खाते से निकाले थे दो लाख रुपए
पुलिस के अनुसार बीओबी की पृथ्वीराज मार्ग शाखा के सहायक महाप्रबंधक मोहम्मद मिनहाजुद्दीन ने अदालत में इस्तगासा पेश किया था। इस्तगासे में बताया गया कि बैंक में प्रोबेशनरी अधिकारी के पद पर कार्यरत धोलाभाटा निवासी जैकीराम खानचंदानी ने गड़बड़ी कर बैंक के ग्राहक कांग्रेस नेता हेमंत भाटी के अकाउंट से दो लाख रुपए निकाल लिए। इतना ही नहीं, खानचंदानी ने बैंक कोष से भी नियम विरुद्ध राशि निकाल कर दुरुपयोग किया था। मामले में विभागीय जांच के बाद खानचंदानी को सेवा से निलंबित कर दिया गया। इस्तगासे पर कोर्ट के आदेश से कोतवाली थाना पुलिस ने 12 नवंबर को खानचंदानी के खिलाफ भादंसं की धारा 420, 406, 467 और 468 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की। सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एफडी पर ओडी लिमिट बढ़ाने के लिए की गड़बड़ी पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जैकी खानचंदानी ने बैंक में पीओ के पद का दुरुपयोग करते हुए गड़बड़ी की। खानचंदानी ने तीन लाख रुपए की एफडी में से 2 लाख 66 हजार रुपए का लोन ले लिया था। उसने ओडी लिमिट बढ़ाने के लिए पहले बैंक कोष से दो लाख रुपए निकाल कर अपने अकाउंट में दर्शा दिए, लेकिन क्लोजिंग में गड़बड़ी का खुलासा होने के डर से उसने अवैध रूप से बैंक ग्राहक कारोबारी और कांग्रेस नेता हेमंत भाटी के अकाउंट से चार बार पचास-पचास हजार रुपए निकाल लिए थे। बैंक प्रशासन ने इस गड़बड़ी को गंभीर माना और जांच के बाद खानचंदानी को निलंबित कर दिया। अब खानचंदानी हवालात में है।
आरोपी।