अजमेर। आगरा गेट पेट्रोल पंप के निकट सोमवार को युवती को लेकर दो युवकों में हाथापाई हो गई। एक युवक ने साथियों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया और चेन स्नेचिंग का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी। पुलिस जांच में मामला युवती से बातचीत करने पर रंजिश का निकला। कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी जितेंद्र मंगवानी ने बताया कि पुष्कर रोड महावीर कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ आगरा गेट पेट्रोल पंप के पास तारागढ रोड निवासी आबिद खान ने मारपीट की और उसके गले से करीब सात तोला सोने की चेन तोड़ ली।
प्रमोद ने साथियों की मदद से आरोपी आबिद को पकड़कर पुलिस कर्मियों को सौंप दिया।। तफ्तीश में वास्तविकता सामने आई कि प्रमोद और आबिद के बीच युवती से बातचीत करने के विवाद में हाथापाई हुई थी। प्रमोद की रिपोर्ट पर पुलिस ने आबिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।