अजमेर। जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के कुएं में लगे सब मर्सिबल पंप की मोटर सोमवार को जल गई, जिससे अस्पताल में पानी की आपूर्ति गड़बड़ा गई। इस वजह से कई वार्डों सहित लैब में पानी की किल्लत बनी रही। अस्पताल अधीक्षक डॉ. पीसी वर्मा सहित अस्पताल का स्टाफ मोटर मरम्मत करवाने के लिए मंगलवार देर रात तक जुटा रहा।
डॉ. वर्मा ने बताया कि अस्पताल में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से और अस्पताल के निजी कुएं से पानी की आपूर्ति की जाती है। कुएं में लगे सबमर्सिबल पंप की मोटर जल गई, जिसे सुधरवाने के प्रयास किए गए। मंगलवार को जब मोटर को कुएं में उतारकर शुरू किया तो फिर से स्पार्किंग हो गई। मोटर फिर से मिस्त्री को दी गई।
मेडिकल कॉलेज से जलापूर्ति : डॉ. वर्मा ने बताया कि पानी की नियमित आपूर्ति के लिए जेएलएन मेडिकल कॉलेज से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क कर जलापूर्ति के लिए कहा गया है।
(फोटो- पंप हाउस पर मामले की जानकारी लेते अस्पताल अधीक्षक)