नियमन के लिए 12 टीमों का गठन
अजमेर. अजमेरविकास प्राधिकरण ने लंबे समय से लंबित पड़ी नियमन की फाइलों का एक माह में निस्तारण करने का फैसला किया है। प्राधिकरण ने इस कार्य के लिए 12 टीमों का गठन किया है। टीमें मौके पर जाकर जमीन का नापचौप करेगी। इससे पहले प्राधिकरण ने क्षेत्रवार नियमन का फैसला किया था, लेकिन उसकी रफ्तार काफी कम थी। संभागीय आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष धर्मेंद्र भटनागर ने लंबे समय से लंबित पड़ी नियमन की फाइलों के निस्तारण को लेकर नाराजगी व्यक्त की थी। भटनागर ने एक माह में फाइलों के निस्तारण के निर्देश दिए थे। कमिश्नर स्नेहलता पंवार ने फाइलों का शीघ्र निस्तारण करने के लिए 12 टीमों का गठन किया है।
टीम में पटवारी और जेईएन शामिल हैं, जो कि मौके पर जाकर जांच करने के बाद रिपोर्ट पेश करेगी। 6 टीम उत्तर और इतनी ही टीम दक्षिण विधानसभा के क्षेत्रों की नियमन की फाइलों की जांच करेगी। एडीए अधिकारियों का मानना है कि इस फैसले से नियमन करने से सभी फाइलों की जांच एक साथ हो जाएगी। पटवारी सहित अन्य स्टाफ को बार-बार नहीं जाना पड़ेगा। इसके अलावा उक्त क्षेत्र की ले-आउट स्वीकृति अथवा दूसरी समस्या की जानकारी मिलेगी, जिसका निस्तारण करने में आसानी रहेगी। मालूम हो कि प्राधिकरण में नियमन की लंबे समय से 12 हजार से अधिक फाइलें लंबित थी। प्राधिकरण ने पांच हजार से अधिक फाइलों में खामियां पूरी करने के लिए आवेदकों को पत्र लिखा है।