जूनियर इंजीनियर ग्रुप परीक्षा आज
अजमेर. रेलवेभर्ती बोर्ड अजमेर की ओर से जूनियर इंजीनियर ग्रुप पदों पर भर्ती के लिए रविवार को लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। 221 पदों के लिए होने वाली इस परीक्षा के लिए अजमेर समेत 4 जिलों में 139 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड अध्यक्ष के मुताबिक यह परीक्षा सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 10.30 बजे परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस परीक्षा के लिए 53 हजार 480 अभ्यर्थियों को पात्र पाया गया है। इसके लिए जयपुर में 42, अजमेर में 24, कोटा में 46 ओर जोधपुर में 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड अध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि बुलावा पत्र केवल मूल फोटो पहचान-पत्र के साथ ही मान्य होगा। परीक्षा की अवधि 120 मिनट रहेगी। बोर्ड अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने के लिए कहा है। साथ ही स्पष्ट किया है कि रेल भर्ती बोर्ड के माध्यम से चयन केवल योग्यता पर आधारित होता है।