- Hindi News
- \"अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाने में सभी का सहयोग जरूरी\'
\"अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाने में सभी का सहयोग जरूरी\'
संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेंद्र भटनागर ने शहर के प्रबुद्घ नागरिकों से मोहल्ला विकास समितियों का गठन कर स्मार्ट हैरिटेज सिटी योजना में सहयोग का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मोहल्ला विकास समितियों के माध्यम से सफाई एवं विकास कार्यों में प्रशासनिक इकाइयों का सहयोग करते हुए जनता को जागरूक करें।
संभागीय आयुक्त कार्यालय में शनिवार को आयोजित बैठक में डॉ. भटनागर ने कहा कि हम सब सामूहिक रूप से जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने बताया कि एडीए से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के लिए 24 सेक्टर बनाए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे मोहल्ला विकास समितियों का गठन करें तथा जहां पर पहले से ही समितियां मौजूद हैं, उन्हें जागरूक करें। ये समितियां सफाई, पानी, बिजली, सड़क एवं अन्य कार्यों के क्रियान्वयन में सहयोग करें। उसके बारे में प्रशासन को सूचित करें।
संभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में उपस्थित नागरिक।
स्मार्ट कॉलोनियों के लिए दो का चयन
डॉ.भटनागर ने बताया कि एडीए स्मार्ट सिटी योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए कोटड़ा एवं जेपी नगर आवासीय योजनाओं को स्मार्ट कॉलोनी के रूप में चिन्हित किया है। इन क्षेत्रों से संबंधित मोहल्ला समितियां भी अपने सुझाव दें। नगर निगम के सीईओ सीआर मीणा ने बताया कि निगम द्वारा कचरा प्रबंधन, सफाई एवं अन्य कार्य करवाए जा रहे हैं। निगम के सीमित संसाधनों के बाद भी अच्छा कार्य किया जा रहा है। इन कार्यों में जन सहयोग भी मिले तो और अच्छे परिणाम हासिल हो सकते हैं।
बैठकमें दिए सुझाव
बैठकमें प्रगति नगर विकास समिति के जगदीश नंदन शर्मा ने सुझाव दिया कि शहर के विभिन्न समारोह स्थलों से कचरा उठाने की प्रभावी व्यवस्था की जाए। जीव सेवा समिति के जगदीश वच्छानी, डॉ. ब्रिजेश माथुर सहित अन्य प्रबुद्घ नागरिकों ने भी विचार रखे।