अजमेर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं की स्थाई मेरिट सूची में 10 और विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। इन्हें मिलाकर संवीक्षा के बाद जारी होने वाली स्थाई मेरिट सूची में विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 118 तक पहुंच सकती है।
बोर्ड दो-चार दिन में स्थाई मेरिट सूची जारी करने वाला है। बोर्ड द्वारा सैकंडरी परीक्षा 2014 का संवीक्षा का कार्य पूरा हो चुका है। बोर्ड ने सैकंडरी की स्थाई मेरिट सूची भी लगभग फाइनल कर दी है। अब इसे जारी करना शेष है। संवीक्षा के बाद मेरिट सूची भी संशोधित हो गई है। संवीक्षा के बाद कुछ विद्यार्थियों के अंक बढ़े हैं और वो मेरिट सूची में दाखिल होने में कामयाब हो गए हैं। इनकी विस्तृत जानकारी बोर्ड द्वारा जारी की जाने वाली स्थाई मेरिट सूची में ही सामने सकेगी। बोर्ड द्वारा जारी की जाने वाली स्थायी सूची में दो विद्यार्थियों के स्थान परिवर्तन होने की भी संभावना है।
14वें15वें स्थान पर थी कड़ी प्रतिस्पर्धा : बोर्डकी ओर से जारी की गई अस्थाई मेरिट में केवल पहला और दूसरा स्थान ही ऐसा था, जिन पर एक-एक विद्यार्थी ही आए थे।
शेष अन्य स्थानों पर एक से अधिक विद्यार्थियों ने जगह बनाई थी। 14वें और 15वें स्थान के लिए विद्यार्थियों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली थी। 14 वें 15वें स्थान पर प्रत्येक पर 18-18 विद्यार्थियों ने मेरिट में जगह बनाई थी। इसके बाद 10वें स्थान पर 13, 11वें 12वें स्थानों पर 10-10 विद्यार्थियों ने जगह बनाई थी। 13वें स्थान पर 7 विद्यार्थियों ने जगह बनाई थी। 5वें 6वें स्थानों के लिए 5-5 और 3, 7वें और 9वें स्थानों पर तीन-तीन विद्यार्थियों ने जगह बनाई थी।
बोर्ड द्वारा 6 जून 2014 को सैकंडरी परीक्षा 2014 का परिणाम घोषित किया था। सैकंडरी की अस्थायी मेरिट सूची में 15 स्थानों पर प्रदेश के 108 विद्यार्थियों ने जगह बनाई थी। इसके बाद 10 दिन में ही विद्यार्थियों ने संवीक्षा के लिए आवेदन कर दिए थे। लेकिन बोर्ड को संवीक्षा कार्य में करीब 6 महीने का समय लग गया है। संवीक्षा के बाद जारी होने वाली स्थायी मेरिट सूची में अब यह संख्या बढ़कर 118 हो सकती है।