केएमएस ने जीता 7वां कन्नीथारियामल कप
जयपुरमें आयोजित ऑल इंडिया इंटर स्कूल टी-20, 7वीं कन्नीथारियामल कप का खिताब अजमेर की ख्वाजा मॉडल स्कूल(केएमएस) ने जीत लिया। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में केएमएस अजमेर ने मेजबान संस्कार स्कूल, जयपुर को 9 विकेट से पराजित किया। विक्रम सिंह ढोल को मैन ऑफ मैच घोषित किया गया।
केएमएस के खेल प्रभारी के मुताबिक फाइनल मैच में पहले खेलते हुए संस्कार स्कूल, जयपुर ने 19.2 ओवर में 10 विकेट पर 68 रन बनाए। केएमएस से महावीर, अयाज ने 3-3 और आकाश ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए केएमएस ने महज 9.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 69 रन बना कप अपने नाम किया। केएमएस की तरफ से विक्रम सिंह ढोल ने आतिशी पारी खेलते हुए 22 गेंदों पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 42 रन बनाए और मैन ऑफ मैच रहेे। विजयी टीम के अजमेर आगमन पर स्कूल परिसर में जोरदार स्वागत किया गया। स्कूल परिवार ने टीम की जीत पर बधाई दी। गौरतलब है कि कन्नीथारियामल कप में देश भर से 135 स्कूलों ने हिस्सा लिया था।