- Hindi News
- आपातकालीन विभाग में नशेड़ी युवक ने मचाया हंगामा
आपातकालीन विभाग में नशेड़ी युवक ने मचाया हंगामा
जवाहरलाल नेहरु अस्पताल के आपातकालीन विभाग में शनिवार देर रात को एक नशेड़ी युवक ने जमकर हंगामा किया। इससे विभाग कक्ष के बाहर खड़े सुरक्षा कर्मी सकते में गए। साथी रेजीडेंट डॉक्टर्स की मदद से युवक पर काबू पाया। इस घटना के बाद रेजीडेंट डॉक्टर्स ने पर्याप्त सुरक्षा नहीं होने पर नाराजगी जताई है। सहायक अस्पताल अधीक्षक डॉ. विक्रांत शर्मा ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र से 108 एंबुलेंस एक नशेड़ी युवक को लेकर आई।
युवक को जैसे ही आपातकालीन विभाग के लेकर गए तो वहां मौजूद इन्टर्न डॉ. श्रवण को नशेड़ी युवक एक कोने में बात करने के लिए ले गया। इस बीच युवक ने विभाग के दरवाजे बंद कर दिए। युवक इंटर्न के गले में झूम गया और कहने लगा कि मुझे पुलिस वालों से बचाओ। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद रेजीडेंट डॉक्टर्स हरकत में गए। उन्होंने युवक को एक ओर किया। जानकारी मिलते ही अस्पताल के अन्य चिकित्सक भी मौके पर पहुंच गए तथा रेजीडेंट भी अपनी सुरक्षा की मांग करने लगे। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई है। डॉ. शर्मा की ओर से आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत किया गया।