पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मार्बल व्यवसायी के सूने मकान से 40 लाख का सामान चोरी

मार्बल व्यवसायी के सूने मकान से 40 लाख का सामान चोरी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर. वैशाली नगर छतरी योजना में शातिर चोरों ने मार्बल व्यवसायी के सूने मकान से 20 लाख रुपए कैश, आठ लाख के जेवरात सहित करीब 40 लाख का माल साफ कर दिया। मकान मालिक दो दिन पहले परिवार सहित रिश्तेदार की शादी में गया था, इस दौरान मकान सूना था। सोमवार को क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की है। पुलिस संदिग्ध लोगों के बारे में तफ्तीश कर रही है।

पुलिस के अनुसार छतरी योजना निवासी मुकेश जैन की रिपोर्ट पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जैन ने बताया कि दो दिन पहले वह परिवार के साथ रिश्तेदार की शादी में जोधपुर गया था। सूने मकान में ताला लगाकर गए थे। सोमवार को लौटा तो मकान के गेट का कुंदा टूटा हुआ था, भीतर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थी। अलमारी से करीब 25 तोला सोना और डेढ़ किलो चांदी के जेवरात, कारोबार की राशि करीब 22 लाख रुपए कैश और करीब 12 लाख की एफडीआर और अन्य कीमती सामान गायब है।
क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी नेम सिंह, सीओ राजेश मीना और एडिशनल एसपी प्रवीण जैन सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। एफएसएल टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट लिए। आसपास के लोगों से पुलिस ने संदिग्ध लोगों के बारे में पूछताछ की। थाना प्रभारी के अनुसार मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वारदात से पहले की रैकी

पुलिस के अनुसार पीड़ित मुकेश जैन परिवार के साथ दो दिन पहले जोधपुर गया था। जैन के आंगन में दो दिन के अखबार पड़े थे और बाहर की लाइट भी चालू थी। शातिर चोरों ने इस आधार पर आसानी से पहचान कर ली कि मकान सूना है। लोगों के अनुसार इलाके में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ी है। पुलिस गश्त के अभाव में शातिरों ने वारदात को अंजाम दिया।