अजमेर. रेलवे स्टेशन पर खुद को हावड़ा में सीनियर डीसीएम बताकर प्रोटोकॉल लेने वाला शातिर रेलवे कर्मचारी हैड टीसी की सूझबूझ से पकड़ा गया। हैड टीसी की शिकायत पर जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी लखनऊ निवासी संजय श्रीवास्तव लखनऊ में वाणिज्य निरीक्षक के पद पर कार्यरत है। सोमवार सुबह वह रानीखेत एक्सप्रेस से अजमेर पहुंचा और उसने रेलवे स्टेशन पर हैड टीसी और अन्य कर्मचारियों को परिचय दिया कि वह हावड़ा में वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक है। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रीवास्तव को प्रोटोकॉल दिया।
उसकी आवभगत की गई और उसे अधिकारी विश्राम गृह में ठहराया गया। श्रीवास्तव ने अधिकारी के तौर पर पुष्कर का भ्रमण किया और शाम को वह रेलवे स्टेशन पर हैड टीसी कार्यालय पहुंचा। उसने अफसरों जैसा रौब दिखाते हुए हरिद्वार मेल में सीट की व्यवस्था करने को कहा।
हैड टीसी कमलेश ने शक के आधार पर श्रीवास्तव से पूछताछ की। उससे आई कार्ड मांगा गया, पहले तो उसने ना-नुकर की तथा बाद में उसकी ओर से दिखाए कार्ड से पता चला कि वह लखनऊ में वाणिज्य निरीक्षक है। झूठ का खुलासा होने पर हैड टीसी कमलेश ने अन्य कर्मचारियों की मदद से उसे पकड़ा और जीआरपी को सौंप दिया।