- Hindi News
- लाखों रुपए गबन के आरोपी ने परिवादी पर ही दर्ज करवा दिया मुकदमा
लाखों रुपए गबन के आरोपी ने परिवादी पर ही दर्ज करवा दिया मुकदमा
पुलिस से बचने के लिए अपनाया नया पैंतरा
क्राइमरिपोर्टर |अजमेर
श्रीनगररोड स्थित प्राइवेट कंपनी में करीब 27 लाख रुपए के गबन के मामले में आरोपी पर जब पुलिस ने शिकंजा कसा तो उसने परिवादी पर ही धमकी देकर 25 लाख रुपए मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवा दिया। पुलिस ने अदालत के आदेश से प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार श्रीनगर रोड पर प्राइवेट कंपनी के पूर्व डिस्ट्रीब्यूटर के खिलाफ द्वारका नगर निवासी मनोज शर्मा पुत्र विष्णुदत्त शर्मा ने आरोप लगाया है कि उसने हिंदुस्तान लीवर लिमिटेड कंपनी में पार्टनरशिप या फिर 25 लाख रुपए की मांग को लेकर उसे धमकाया। अदालत के आदेश से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। गौरतलब यह है कि दो महीने पहले श्रीनगर रोड स्थित कंपनी के संचालक ने अलवर गेट थाने में मनोज शर्मा सहित पांच लोगों के खिलाफ कंपनी में करीब 27 लाख रुपए का गबन करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शर्मा और उसके साथियों पर शिकंजा कसा था।
शिकायत में कंपनी संचालक ने बताया है कि उनके पास हिंदुस्तान लीवर लिमिटेड कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप थी। मनोज शर्मा कंपनी में कर्मचारी था। शर्मा और उसके चार अन्य साथियों ने करीब 27 लाख रुपए का गबन किया। इस मामले में दिसंबर में अलवर गेट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले के आरोपी शर्मा ने उल्टे उनपर ही झूठा आरोप लगा दिया है। थाना प्रभारी डीएसपी विक्रम सिंह भाटी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।