‘आप’ की जीत पर अजमेर में जश्न
दिल्लीविधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर अजमेर में भी जश्न का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन चौराहे पर आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी और एक दूसरे को बधाई दी। पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की सदस्य कीर्ति पाठक ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की जीत व्यवस्था परिवर्तन के लिए जनता का शंखनाद है। दिल्ली में जैसे ही चुनाव परिणाम सामने आए वैसे ही अजमेर में भी पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि दिल्ली की जनता बदलाव चाहती थी। प्रमुख राजनीतिक पार्टियों से जनता पूरी तरह उकता चुकी है। जनता ने मौका परस्त नेताओं को जमीनी धरातल दिखा दिया है। पार्टी की यह जीत आम आदमी की जीत है। पार्टी चुनाव के दौरान किए गए वादों पर खरी उतरेगी। कीर्ति पाठक ने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने सकारात्मक राजनीति का बीज बोया है और व्यवस्था परिवर्तन का बीड़ा उठाया है। पार्टी ने धर्म आधारित राजनीति का त्याग कर सार्थक मुद्दों की राजनीति का आगाज किया है। खुशी का इजहार करने वालों में दीपक गुप्ता, यश मेहता, मुकेश, श्रीनाथ पाठक, मोंटी राठौड़, नरेंद्र यादव, सर्वेश्वर पारीख अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
दरगाह में जीत का शुकराना अदा किया
दिल्लीविधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली शानदार कामयाबी की खुशी में स्थानीय नेताओं ने ख्वाजा माेईनुद्दीन हसन चिश्ती की मजार पर चादर फूल पेश कर शुकराना अदा किया। पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की सदस्य कीर्ति पाठक की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने दरगाह जियारत की। कीर्ति पाठक के साथ दीपक गुप्ता, यश मेहता और मुकेश समेत विभिन्न नेता दरगाह पहुंचे। अंजुमन सैयदजादगान के पूर्व सचिव सैयद सरवर चिश्ती ने उनकी अगवानी की। अखिलभारतीय अग्रवाल सम्मेलन की जिला शाखा ने खुशी जताई : चुनावमें अरविंद केजरीवाल की जीत पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की जिला शाखा ने खुशी जताई है। अजमेर जिलाध्यक्ष अशोक पंसारी ने जिले के अग्रवाल बंधु वैश्य समाज को जीत की बधाई दी है। आगामी चुनावों में वैश्य समाज और मजबूती के साथ देश का नेतृत्व करेगा। महासचिव रामचरण बंसल कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण हटुका ने भी समस्त अग्रवाल वैश्य समाज को बधाई दी है।
गांधी भवन चौराहे पर मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाते आप के कार्यकर्ता।