अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक ग्रेड सैकंड ग्रेड थर्ड प्रतियोगी परीक्षा 2013 संयुक्त रूप से 21 फरवरी को आयोजित होगी। आयोग ने सोमवार को वेबपोर्टल पर अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। सचिव नरेश कुमार ठकराल के मुताबिक पीटीआई ग्रेड सैकंड थर्ड परीक्षा 2013 का आयोजन अजमेर जयपुर जिला मुख्यालयों पर होगा। दो सत्रों में सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक एवं दोपहर 3 से 5 बजे तक परीक्षा होगी।
इसके प्रवेश-पत्र उपस्थिति-पत्र आयोग के वेबपोर्टल https://rpsconline.rajasthan.gov. in पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपना प्रवेश-पत्र आयोग के वेबपोर्टल से आवेदन पत्र क्रमांक से डाउनलोड कर सकता है। सचिव ठकराल ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर एक फोटो एवं फोटो पहचान पत्र अपने साथ लेकर आने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा केंद्र के बारे में निर्देश
ठकराल ने बताया कि अजमेर, जोधपुर एवं उदयपुर संभाग के जिलों के आवेदनकर्ता अभ्यर्थियों को अजमेर केंद्र एवं बीकानेर, जयपुर, कोटा एवं भरतपुर संभाग के जिलों के आवेदनकर्ताओं के अभ्यर्थियों को जयपुर केंद्र आवंटित किया गया है।
69 केंद्रों पर होगी परीक्षा
आयोग द्वारा इस परीक्षा के लिए कुल 69 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जयपुर में 51 और अजमेर में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में कुल 21816 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। आयोग सूत्रों के मुताबिक पीटीआई ग्रेड सैकंड के 1041 और ग्रेड थर्ड के 2858 पदों पर भर्ती के लिए यह परीक्षा आयोजित होगी।