अजमेर. निकायों के सफाई ठेकों के लिए अगर इस बार राज्य सरकार की ओर से टेंडर हो जाते हैं तो ठेकों में ऊपर से लेकर नीचे तक चल रही मिलीभगत समाप्त हो जाएगी। नए टेंडर की शर्तों के अनुसार इस बार ठेकेदार के साथ जमादार और सेनेट्री इंस्पेक्टर को भी अनुभव होना जरूरी होगा। तीसरी संस्था से वेरिफिकेशन कराने के बाद ही ठेकेदार को सफाई बिल का भुगतान मिलेगा।
नए टेंडर की शर्तों को लेकर अजमेर नगर निगम के मेयर ने सोमवार को अधिकारियों से चर्चा की। सीईओ सीआर मीणा के अजमेर से बाहर होने के कारण अब मंगलवार को फिर बैठक होगी। निगम टेंडर में कुछ और शर्तें भी जोड़ सकता है। राज्य सरकार इस बार प्रदेश की सभी निकायों का जोन बनाकर ठेका कर रही है, अजमेर में अजमेर नगर निगम और पुष्कर का जोन बनाया गया है।
सरकार ने दो सप्ताह पहले ठेका करने के लिए निगम को टेंडर तैयार कर भेजा था। जिसमें ठेका लेने वाली फर्म के लिए जरूरी शर्तों का उल्लेख भी था। निगम को शर्तों पर विचार कर टेंडर जारी करना था। सोमवार को मेयर कमल बाकोलिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार टेंडर में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के साथ असरदार सफाई हो, इसकी पुख्ता व्यवस्था की गई है।
इस बार ठेका लेने वाली कंपनी को मैकेनिकल इंजीनियर, अनुभवी सेनेट्री इंस्पेक्टर और जमादार रखने होंगे। नए टेंडर में ठेकेदार को सफाई का भुगतान तीसरी संस्था द्वारा किया जाएगा। वर्तमान में निगम अपने स्तर ही ठेकेदार को भुगतान करती है। नए टेंडर में सड़क और नालियों की सफाई की बात नहीं की गई है। नगर निगम अपनी शर्तों में इसे भी जोड़ सकती है।
... तभी अजमेर बन सकेगा स्मार्ट सिटी
शहरवासियों के लगातार सवाल यही रहे हैं कि गंदगी के बीच कैसे बनेगा अजमेर स्मार्ट सिटी? अजमेर नगर निगम सफाई ठेके में फैले भ्रष्टाचार को समाप्त करे, तभी यह संभव हो पाएगा। निगम को अब मजबूरी में ठेके के लिए कड़ी शर्तों का प्रावधान करना पड़ेगा। पहले निगम ठेकेदार की सुविधा को ध्यान में रखकर शर्त तय करता था। शहरवासियों को भी अपने में सुधार लाना होगा। कंटेनर लगे होने के बावजूद लोग उसके बाहर कचरा डाल रहे हैं, जो उड़कर सड़क आसपास के क्षेत्र को गंदा कर रहे हैं। पान गुटखे खाकर सार्वजनिक जगह को उसकी पीक से गंदा करने, कहीं पर भी कचरा फेंकने आदि आदतों को खत्म करके भी शहर को साफ बनाया जा सकता है।
शहर का रखेंगे ध्यान
बैठक में टेंडर के सभी पहलुओं पर चर्चा नहीं हो पाई है। मंगलवार को फिर बैठक होगी। शहर हित को ध्यान में रख सभी शर्तें रखी जाएंगी। -कमल बाकोलिया,मेयर