पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दो छात्र संगठनों में धक्का मुक्की

दो छात्र संगठनों में धक्का-मुक्की

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। दयानंद महाविद्यालय में गुरुवार को छात्रसंघ कार्यालय के उद्‌घाटन समारोह से पहले एबीवीपी आैर एनएसयूआई छात्र संगठन आमने-सामने हो गए। धक्का-मुक्की के बाद दोनों गुट मारपीट पर उतारू हो गए।

एनएसयूआई की आेर से शुभारंभ समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत को मुख्य अतिथि आैर खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल को विशिष्ट अतिथि के तौर पर बुलाया गया था। समारोह के दौरान ढोल धमाके, म्यूजिक सिस्टम आैर नारेबाजी को लेकर दोनों गुट उलझ पड़े। एबीवीपी का आरोप है कि कॉलेज में प्रायोगिक परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे समारोह के आयोजन में शोर-शराबे से पढ़ाई बाधित हो रही थी, इसी का विरोध किया गया। इधर छात्रों में झगड़े होने की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर बुलाकर दोनों गुटों को अलग किया गया। इसके बाद उद्‌घाटन समारोह संपन्न हुआ।
हमने अनुमति लेकर कराया कार्यक्रम : छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप सिंह का कहना है कि पूर्व में पंचायती राज चुनावों के कारण कार्यक्रम नहीं हो सका। एमडीएस यूनिवर्सिटी से संपर्क किया गया तो 28 फरवरी से पहले तक कार्यालय उद्‌घाटन समारोह संपन्न कराने के लिए कहा। जिला कलेक्टर की अनुमति लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। समारोह में प्राचार्य डॉ. एमके सिंह सहित समस्त स्टॉफ, छात्रसंघ उपाध्यक्ष देवकरण गुर्जर, महासचिव दिलीप सिंह आैर संयुक्त सचिव पुष्पेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
प्रायोगिक परीक्षाएं हैं, कैसे मिली अनुमति?
एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री चंद्रभान गुर्जर ने बताया कि कॉलेज में प्रायोगिक परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में कॉलेज प्रशासन को पूर्व में ही अवगत करवा दिया गया था। इसके बावजूद छात्रसंघ कार्यालय उद्‌घाटन समारोह की अनुमति दी गई। छात्रसंघ पदाधिकारी ढोल-धमाके आैर तेज आवाज में साउंड बजा रहे थे। इससे पढ़ाई में बाधा पहुंच रही थी।
प्राचार्य डॉ. एमके सिंह को ज्ञापन देकर कार्यक्रम स्थगित करने की मांग की गई। एबीवीपी की आेर से कॉलेज प्रशासन आैर छात्रसंघ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। समारोह में मौजूद विद्यार्थी एक के बाद एक बाहर आ गए। विरोध प्रदर्शन करने वालों में महानगर मंत्री हंसराज चौधरी, महानगर सहमंत्री सीताराम चौधरी, भंवरसिंह शेखावत व राजेंद्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद थे।

एएसआई से धक्का-मुक्की : समारोह में पहले से ही रामगंज पुलिस दल तैनात था। विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रनेता पुलिस अधिकारियों से उलझ पड़े। एएसआई नरपत सिंह से धक्का-मुक्की की गई गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाकर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को खदेड़ा गया। सूचना मिलते ही एडीशनल एसपी प्रवीण जैन मौके पर पहुंचे। एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस की समझाइश पर शांत हुए छात्र : छात्र गुटों में झगड़े की सूचना पर एएसपी गौरव यादव, रामगंज थानाप्रभारी डीएसपी नानूराम, आदर्शनगर थानाप्रभारी लक्ष्मण राम चौधरी मय जाप्ता कॉलेज पहुंचे। विरोध करने वाले छात्र गुट से समझाइश कर मामला शांत कराया गया। थानाप्रभारी नानूराम ने बताया कि समझाइश के बाद छात्र मान गए। दोनों आेर से किसी तरह की कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई।
(फोटो- डीएवी काॅलेज में समारोह आयोजन को लेकर उग्र होते छात्रों को समझाती पुलिस।)