निगम बनाएगा सीवरेज के एक हजार चैंबर
पुष्कर में बनेगा सीवरेज प्लांट
बूढ़ा पुष्कर में वर्षा जल पहुंचाने के लिए 8.5 करोड़ की योजना
शिक्षामंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा है कि सीवरेज के एक हजार चैंबर का निर्माण नगर निगम करेगा। अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से प्रत्येक सप्ताह एक दिन प्राधिकरण परिसर में ही नियमन शिविर आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रकरणों का निस्तारण हो सकेगा। देवनानी गुरुवार को एडीए में विभिन्न विभागों की मीटिंग में कार्य की समीक्षा कर रहे थे।
प्रभारी मंत्री के निर्देश पर बैठक में निर्णय लिया गया कि सीवरेज लाइन से कनेक्शन देने के लिए सीवरेज लाइन चैंबर तत्काल बनाए जाएंगे। चैंबर निर्माण के लिए आधी राशि अजमेर विकास प्राधिकरण वहन करेगा। शहर में सीवरेज लाइन पर दस हजार चैंबर बनाने की आवश्यकता बताई गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन क्षेत्रों में चैंबर बने हुए हैं, वहां पर शिविर लगाकर कनेक्शन देना शुरू किया जाए। आगामी एक माह तक अजमेर विकास प्राधिकरण नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता लगातार यह कार्य देखेंगे। विधायक सुरेश सिंह रावत ने पुष्कर के लिए प्रस्तावित बायोलॉजिकल पार्क पुष्कर में शीघ्र बनवाने अजमेर विकास प्राधिकरण से पैराफेरी क्षेत्र के स्कूलों के लिए जमीन शीघ्र आवंटित कराने की बात कही। बैठक में कलेक्टर अारुषि मलिक, आरएएस किशोर कुमार, हरफूल सिंह यादव सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
{मुख्यमंत्रीवसुंधरा राजे ने बजट घोषणा में अजमेर को सिरेमिक हब के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। मसूदा-बिजयनगर क्षेत्र को सिरेमिक हब के रूप में विकसित करने का कार्य शुरू होगा। {अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाने की मुहिम के तहत विजन डॉक्यूमेंट तैयार हो रहा है। अमेरिका के यूएसआईबी संस्थान का दल दो बार अजमेर का दौरा कर चुका है। अजमेर को नॉलेज सिटी के रूप में विकसित कर इसे एजुकेशन हब बनाया जा सकता है। यहां बायोलॉजिकल, साइंस आईटी पार्क बनाने के भी प्रस्ताव हैं। {विद्युत वितरण निगम के रिंग सिस्टम कार्य को तत्काल पूरा किया जाना चाहिए। 120 करोड़ रुपए की लागत के कार्य तत्काल पूरे होने चाहिए, जिसमें नगर के मुख्य मार्गों की विद्युत सप्लाई को भूमिगत करना भी शामिल है। {पोली क्लिनिक को तत्काल शास्त्री नगर स्थित कुक्कुट पालन प्रशिक्षण केंद्र पर शिफ्ट किया जाए। {कलेक्टर आरुषि मलिक ने बताया कि लगभग 17 करोड़ रुपए की लागत से खानपुरा में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है, परंतु इसका उपयोग अभी तक नहीं हुआ है। उन्होंने नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से कल से ही घरों को सीवरेज कनेक्शन देने को कहा है। {जवाहरलाल नेहरू अस्पताल तथा राजस्थान लोक सेवा आयोग के सामने प्राइवेट बस स्टैंड के पास आश्रय स्थल का निर्माण होगा।
इंफ्रा रिपोर्टर |अजमेर
मुख्यमंत्रीवसुंधरा राजे ने बूढ़ा पुष्कर में वर्षा जल पहुंचाने वाले फीडर निर्माण के लिए साढ़े 8 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत की है। अगले माह से इस फीडर का निर्माण शुरू होगा।
अजमेर जिले के प्रभारी एवं शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित बैठक में राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस साल के बजट में बूढ़ा पुष्कर फीडर के निर्माण की घोषणा की थी। फीडर निर्माण के लिए जल संसाधन विभाग ने टेंडर आमंत्रित किए हैं, जो 18 फरवरी को खुलेंगे।
प्रभारी मंत्री देवनानी ने बूढ़ा पुष्कर सरोवर फीडर निर्माण से जुड़े विभिन्न आठ विभागों की जिम्मेदारी तय करते हुए उन्हें जल्द कार्य करने को कहा। उन्होंने नोडल एजेंसी जल संसाधन विभाग को निर्देश दिए कि टेंडर खुलने के अगले दिन ही 19 फरवरी को सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर राज्य सरकार से स्वीकृति प्राप्त करें। इसी माह के अंत या अगले माह के शुरू में मुख्यमंत्री से इस फीडर के शिलान्यास के लिए अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने वन रेलवे विभाग से कहा कि वे इस कार्य के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र तत्काल जिला प्रशासन को दें।
हटेंगेअतिक्रमण, होगी वीडियोग्राफी
लखावतने कहा कि राजस्व विभाग बूढ़ा पुष्कर सरोवर कैचमेंट फीडर क्षेत्र की भूमि की वीडियोग्राफी कराए और गत दिनों हुए अतिक्रमण तत्काल हटाएं। उन्होंने इस कार्य की प्रत्येक सप्ताह मॉनिटरिंग जिला कलेक्टर स्तर पर करने को कहा। अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से इस वर्ष के बजट में बूढ़ा पुष्कर सरोवर के लिए प्रारंभिक तौर पर 50 लाख रुपए का प्रावधान है। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि सरोवर के 14 घाटों में से 5 घाटों से पानी का रिसाव अब भी हो रहा है, जिसे तत्काल मरम्मत कराकर रोकें। मॉनिटरिंगकरेंगी कलेक्टर : जिलाकलेक्टर डॉ. आरुषि मलिक ने कहा कि वे प्रत्येक सोमवार को उनके स्तर पर आयोजित होने वाली बैठक में बूढ़ा पुष्कर के कार्यों की भी मॉनिटरिंग करेंगी। उन्होंने उपखंड अधिकारी अजमेर को निर्देश दिए कि वे बूढ़ा पुष्कर फीडर क्षेत्र में भूमि की वीडियोग्राफी का कार्य शुरू करें और अतिक्रमण सख्ती से हटाएं। एडीए आयुक्त स्नेहलता पंवार ने बताया कि प्राधिकरण ने निर्धारित कार्य पूरे कर लिए हैं तथा शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर किशोर कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बूढ़ा पुष्कर विकास संबंधी बैठक लेते हुए शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी।