अजमेर। शहर के भीड़ वाले पड़ाव क्षेत्र में गुरुवार शाम को शातिर युवक स्कूटर की डिक्की में रखे व्यापारी का 3.50 लाख रुपए से भरा बैग ले उड़ा। वारदात तब हुई, जब पुलिस की सांयकालीन गश्त चल रही थी।
वारदात स्थल से कुछ दूरी पर ही पुलिसकर्मी तैनात थे। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पड़ाव क्षेत्र की दुकानों में लगे सीसी टीवी कैमरों की रिकार्डिंग खंगाली, लेकिन शातिर युवक का सुराग हाथ नहीं लग सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक अजयनगर निवासी विक्की वारदात का शिकार हुआ। विक्की ने बताया कि वे पड़ाव क्षेत्र में अन्य व्यापारियों के पास लेन-देन के लिए आया था। वह स्कूटर पार्क कर किसी व्यापारी से मिलने गया था। इस दौरान अज्ञात युवक ने स्कूटर की डिक्की में रखे 3.50 लाख रुपए से भरा बैग पार कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से चंपत हो गया। आसपास के दुकानों में लगे सीसी टीवी कैमरों की रिकार्डिंग खंगाली गई लेकिन आरोपी युवक का स्पष्ट चेहरा कैमरों में कैद नहीं हो सका। रिकार्डिंग में स्कूटर के पास तीन-चार युवकों का होना सामने आया है लेकिन वारदात करने वाला युवक इनमें से नहीं है।
खंगाले गए फुटेज
'व्यापारी को स्कूटर की डिक्की में इतनी रकम छोड़कर नहीं जाना चाहिए था। पड़ाव क्षेत्र की दुकानों पर लगे सीसी टीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, लेकिन आरोपी का चेहरा स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस सरगर्मी से आरोपी की तलाश में जुटी है।' गौरव यादव, सहायक पुलिस अधीक्षक