पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आरएएस 2012 के इंटरव्यू कल से

आरएएस 2012 के इंटरव्यू कल से

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सोमवार से आरएएस 2012 के साक्षात्कार पुन: शुरू किए जा रहे हैं। 4 मार्च तक चलने वाले साक्षात्कार के द्वितीय चरण में 480 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजा गया है। आयोग दो बोर्ड में ये साक्षात्कार आयोजित करेगा।
आयोग सचिव नरेश कुमार ठकराल के मुताबिक राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (आरएएस) परीक्षा, 2012 की मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार दो बोर्ड में लिया जाना निश्चित किया गया है। सोमवार से प्रतिदिन सुबह 9 बजे और दोपहर 1.30 बजे से दो बोर्ड साक्षात्कार करेंगे। अब प्रतिदिन 30 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार किए जा सकेंगे। कार्यक्रमानुसार 16 दिन में कुल 480 अभ्यर्थी के साक्षात्कार आयोजित किये जाएंगे।

शेष अभ्यर्थियों के साक्षात्कार का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा। पहले चरण में आयोग केवल एक बोर्ड के माध्यम से ही साक्षात्कार कर रहा था और प्रतिदिन केवल 15 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार किए जा रहे थे।

इन तिथियों में होंगे साक्षात्कार

9 से 13 फरवरी तक, इसके बाद 16 को, 18 से 20 तक, फिर 23 से 26 तक, मार्च में 2 से 4 तक साक्षात्कार होंगे।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हुए थे स्थगित

आयोग द्वारा 7 जनवरी से जारी पहले चरण के साक्षात्कार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 20 जनवरी को स्थगित कर दिए थे। ये चरण 6 फरवरी को पूरा होना था। 20 से 6 फरवरी तक जिन अभ्यर्थियों के साक्षात्कार होने थे, आयोग उनके साक्षात्कार का कार्यक्रम बाद में अलग से जारी करेगा।

अभ्यर्थियों को निर्देश

आयोग सचिव नरेश कुमार ठकराल ने अभ्यर्थियों को निर्देशित किया है कि अभ्यर्थी विस्तृत आवेदन पत्र आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर पूर्ण भरा हुआ आवेदन पत्र (दो प्रतियों में) मय समस्त प्रमाण पत्रों की फोटो प्रतियां सहित साक्षात्कार के समय लेकर उपस्थित हों। साथ ही साक्षात्कार के समय अपने समस्त मूल प्रमाण पत्र मय फोटो प्रति भी साथ अवश्य लाएं, अन्यथा साक्षात्कार से वंचित कर दिया जाएगा।