पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आरोपी थाने में जख्मी, पुलिस पर लगाया थर्ड डिग्री टार्चर का आरोप

आरोपी थाने में जख्मी, पुलिस पर लगाया थर्ड डिग्री टार्चर का आरोप

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर. लेक्चरर के घर में घुसकर जानलेवा हमले के मामले में क्रिश्चियन गंज थाने की हवालात में बंद आरोपी ने दीवार से सिर टकराकर खुद को जख्मी कर लिया। लहूलुहान हालत में पुलिस ने उसे जेएलएन अस्पताल पहुंचाया, जहां आरोपी और उसके परिजनों ने थाने में थर्ड डिग्री टार्चर करने का आरोप लगाते हुए एसआई योगेन्द्र सिंह भाटी और अन्य पुलिस कर्मियों का घेराव कर लिया।
आक्रोशित लोगों के हमलावर रुख को देखते हुए एसआई ने अस्पताल के कमरे में बंद होकर बचाव किया। घायल आरोपी के परिजनों ने एसआई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, जबकि थानेदार भाटी ने आरोपी के खिलाफ पुलिस हिरासत में आत्महत्या की कोशिश करने का मामला दर्ज किया है। धर्मा के परिजनों की शिकायत पर एसआई भाटी का नशे की जांच के लिए मेडिकल मुआयना कराया गया। एसपी के आदेश से भाटी को लाइन हाजिर कर मामले की जांच क्लाॅक टावर थाना प्रभारी रमेन्द्र सिंह को सौंपी गई है।

गिरफ्तारी के दौरान थाने में मचाया था उत्पात

26 जनवरी को सेंट स्टीफन चौराहा के निकट रहने वाले कालेज लेक्चरर रणजीत सिंह रावत के घर में घुसकर महिला बच्चों पर हमला कर जख्मी करने के मामले में आरोपी माकड़वाली गांव निवासी धर्मा गुर्जर, श्रवण, लक्ष्मण और हेमराज गुर्जर अन्य लोगों के खिलाफ क्रिश्चियन गंज थाने में मुकदमा दर्ज है। शुक्रवार को परिवादी रणजीत सिंह ने दुबारा शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी धर्मा और अन्य लोग उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
शिकायत पर एसआई योगेन्द्र सिंह भाटी पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी धर्मा गुर्जर को पकड़ कर थाने ले आए। आरोपी धर्मा ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पुलिस कर्मी से हाथापाई की। थाने में भी उसने हंगामा मचाया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने धारा 151 के तहत कार्रवाई कर उसे हवालात में डाल दिया। सुबह धर्मा हवालात में जख्मी हालत में मिला। उसके सिर से खून बह रहा था। संतरी ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल की सूचना पर एसआई भाटी ने धर्मा को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके परिजन और गांव के लोग एकत्र हो गए।

थाने में थर्ड डिग्री का शिकार या खुद हुआ जख्मी

आरोपी धर्मा गुर्जर और उसके परिजनों ने जेएलएन अस्पताल में हंगामा कर दिया। धर्मा ने आरोप लगाया कि थाने में रातभर उसे टार्चर किया गया। एसआई भाटी ने शराब के नशे में धुत होकर उसकी डंडे से पिटाई की। बेहोश होने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया। दूसरी ओर आरोपी एसआई भाटी का कहना है कि आरोपी धर्मा रात भर हवालात में हंगामा करता रहा था और वह बार-बार उन्हेंं और पुलिस कर्मियों को देख लेने की धमकी दे रहा था।
शनिवार सुबह हवालात की दीवार में उसने दो-तीन बार सिर टकराया और जख्मी हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल पहुंचाया गया। धर्मा के भाई प्रभू गुर्जर की रिपोर्ट पर क्रिश्चियन गंज थाने में एसआई भाटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि एसआई भाटी की रिपोर्ट पर आरोपी धर्मा के खिलाफ हवालात में आत्महत्या की कोशिश के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी बहादुर सिंह राठौड़ के आदेश से जांच क्लाॅक टावर थाना प्रभारी रमेंद्र सिंह कर रहे हैं। रमेंद्र सिंह ने शनिवार को एसआई भाटी से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।