पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जिला न्यायालय में विवाद बढ़ा वकीलों ने शुरू की हड़ताल

जिला न्यायालय में विवाद बढ़ा वकीलों ने शुरू की हड़ताल

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर. जिला न्यायालय में न्यायिक प्रशासन की ओर से कर्मचारी संघ को दुकान दिए जाने के विरोध में वकीलों का आंदोलन शनिवार को तेज हो गया। न्यायिक प्रशासन ने मुख्य द्वार पर शनिवार को दुबारा ताले जड़े तो वकीलों ने तोड़ दिए। विवादित दुकान में से कर्मचारियों को खदेड़ कर बाहर कर दिया और ताला लगा दिया। जिला बार एसोसिएशन ने सारे घटनाक्रम के लिए जिला न्यायाधीश को जिम्मेदार ठहराते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी है। बार ने सुप्रीम कोर्ट हाईकोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की है।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय त्रिपाठी और सचिव धर्माराम चौधरी ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि जिला न्यायाधीश उमेश कुमार शर्मा के कथित हठधर्मी रवैये के खिलाफ वकील लामबंद हो गए हैं और जिले की समस्त अदालतों में अनिश्चितकालीन हड़ताल घोषित कर दी गई है। त्रिपाठी और चौधरी ने आरोप लगाया कि जिला न्यायाधीश की शह पर न्यायिक कर्मचारी अदालती कामकाज छोड़कर विवादित दुकान के बाहर एकत्रित हो रखे थे। बार का आरोप है कि कर्मचारियों ने वकीलों से हाथापाई गाली गलौच की। बार की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सुबह 11 बजे वकील अदालत पहुंचे तो मुख्य द्वार पर ताले लगे मिले।
एक दिन पहले ही वकीलों ने मुख्य द्वार के ताले तोड़े थे। दुबारा ताले लगाए जाने से आक्रोशित वकील लामबंद हो गए। वकीलों ने सामूहिक रूप से सभी मुख्य द्वार पर लगे ताले हटाकर गेट खोल दिए। बार एसोसिएशन का यह भी आरोप है कि न्यायिक प्रशासन ने हठधर्मिता हिटलरशाही रवैया अपनाते हुए कर्मचारियों को जबरदस्ती विवाद में झोंक दिया। यही नहीं पुलिस वकीलों के बीच भी झगड़ा कराने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया।

कर्मचारियों वकीलों में हाथापाई

वकील गेट खुलवाने में उलझे थे इसी बीच सीजेएम कोर्ट के बरामदे के सामने बनाई गई विवादित दुकान को कुछ न्यायिक कर्मचारियों ने खोल दिया। दुकान खाेलने को लेकर कर्मचारियों वकीलों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई जो हाथापाई तक जा पहुंची। वकीलों ने दुकान में घुसे कुछ कर्मचारियों को खदेड़ कर बाहर निकाला और दुकान को बंद करवा दिया। वकीलों के उग्र तेवर को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल अदालत परिसर में तैनात किया गया। वकीलों पुलिस ने संयम बरता, जिसके चलते कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। वकीलों ने जिला न्यायाधीश कोर्ट के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की।

सोमवार को होगा प्रदर्शन

बार अध्यक्ष अजय त्रिपाठी और सचिव धर्माराम चौधरी ने बताया कि 9 फरवरी को सुबह 11.30 बजे जिले भर से वकील जिला न्यायालय पहुंचेंगे। सोमवार को बार एसोसिएशन सभागार के बाहर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया जाएगा। बार की मांग है कि जिला न्यायालय के सभी गेट पूर्ववत खोले जाएं, बार द्वारा संचालित फोटो स्टेट कम्प्यूटर टाइपिंग आदि की व्यवस्था पूर्व की भांति हो।