अजमेर। स्वाइन फ्लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल एसोसिएशन अजमेर मंडल की ओर से पतंजलि योग पीठ के प्रतिनिधि के सहयोग से बुधवार को जवानों को काढ़ा पिलाया गया। मंडल अध्यक्ष रामखिलाड़ी यादव ने बताया कि आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लक्ष्मण सिंह एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त महेन्द्र सिंह शेखावत मौजूद रहे।
इधर, शहरभर में विभिन्न संस्थाओं की ओर शिविर आयोजित किए गए। घसेटी बाजार व्यापारियों द्वारा काढ़ा और होम्योपैथी दवा का वितरण किया। राजकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय लौंगिया में 421 लोगों को काढ़ा पिलाया। कृष्ण गोपाल आयुर्वेद भवन धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर काढ़े का वितरण किया गया। केसरगंज व्यापारिक संघ की ओर से भी लोगों को काढ़ा पिलाया गया। अखिल भारतीय सोनिया गांधी ब्रिगेड ने वार्ड नंबर 3 में लोगों को काढ़ा पिलाया।
गुरु कृपा पब्लिक स्कूल में डॉ. एसएस माथुर ने बच्चों को होम्योपैथी दवा पिलाई। संत निरंकारी मंडल एवं आरोग्य काया एक्युप्रेशर सेवा संस्थान की ओर से आशा गंज स्थित सतसंग भवन में शिविर लगाकर काढ़े का वितरण किया गया। मिशन टू राइज रामगंज स्थित बाला देवी एजुकेशन सोसायटी ने काढ़े का वितरण किया। कोटड़ा स्थित मेहंदीपुर बालाजी मंदिर धाम पर डॉ. बी.एल. मिश्रा एवं उनकी टीम ने काढ़ा तैयार किया। करीब एक हजार लोगों को नि:शुल्क काढ़ा वितरित किया गया। आदर्श को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी तथा आयुर्वेद विभाग की ओर से गुरुवार सुबह 9 बजे से शास्त्री नगर पार्क 3 में काढ़े का वितरण होगा।