- Hindi News
- ‘स्वयं से ही शुरू करनी होगी सड़क सुरक्षा की शुरुआत’
‘स्वयं से ही शुरू करनी होगी सड़क सुरक्षा की शुरुआत’
सड़कहादसों की रोकथाम के लिए राज्यभर में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के तहत बुधवार को माखूपुरा स्थित रोडवेज ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में संभागीय स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। तीन दिवसीय कार्यक्रम का उदघाटन करते हुए डीआईजी एवं अजमेर के कार्यवाहक एसपी बहादुर सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सड़क सुरक्षा की शुरुआत स्वयं से ही करनी होगी। पुलिस, परिवहन और अन्य विभागों के संयुक्त प्रयास में आम नागरिक भी भूमिका अहम है। इस मौके पर रोडवेज के ऑटोमेटेड ड्राइविंग ट्रेनिंग स्किल एंड टेस्ट इंस्टीट्यूट के निदेशक कर्नल चंद्रभान सिंह राठौड़ भी मौजूद थे। कार्यक्रम की सेंटर को-ऑर्डिनेटर प्रेरणा सिंह ने बताया कि सेंटर फॉर रोड सेफ्टी पुलिस विश्वविद्यालय एवं आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा के प्रशिक्षकों के तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन संभाग स्तर पर किया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को अजमेर में कार्यक्रम शुरू हुआ। इसके तहत प्रशिक्षक शहर और गांवों में भी आम जन को सड़क सुरक्षा के नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित करेंगे। स्कूल एवं कालेजों में निबंध स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता होगी। प्रशिक्षण में संभाग के सभी जिलों से परिवहन, पुलिस, वकील, शिक्षक एवं स्वयंसेवी संस्थानों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। प्रथम दिन तकनीकी सेशन में अजमेर जिला परिवहन अधिकारी प्रकाश टहल्यानी ने, दूसरे सत्र में मुस्कान संस्था की निदेशक मृदल भसीन तथा तीसरे सत्र में नेहा खुल्लर ने सड़क सुरक्षा से संबंधी जानकारी दी।
सड़क सुरक्षा संबंधी पर्चे का विमोचन करते डीआईजी अन्य अिधकारी।
सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू