अजमेर. अजमेर नगर निगम में पेचवर्क और नालियों पर क्रॉस बनाने को लेकर मंगलवार को भाजपा पार्षद दिनेश चौहान और अधिशासी अभियंता राजीव गर्ग में जमकर नोक-झोंक हो गई। विधायक अनिता भदेल के हस्तक्षेप के बाद सीईओ सीआर मीणा ने गर्ग को केकड़ी और सरवाड़ नगर पालिका का काम सौंप दिया है। तीन दिन पूर्व मीणा ने भी गर्ग को जमकर फटकार लगाई थी। गौरतलब है कि गर्ग वे ही अधिकारी हैं, जिनके पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत ने थप्पड़ रसीद किया था।
भदेल से की शिकायत
चौहान ने विधायक अनिता भदेल को फोन पर पूरा घटनाक्रम बताया तो उन्होंने सीईओ से बात की। इसके बाद मीणा ने गर्ग को केकड़ी और सरवाड़ नगर पालिका का कार्य सौंप दिया। गर्ग अब इन दोनों निकायों के निर्माण कार्य देखेंगे। अजमेर नगर निगम में गर्ग का कार्य दूसरे अभियंता को दिया जाएगा।
भाजपा के पार्षद दिनेश चौहान और हेमंत सांखला मंगलवार दोपहर को अधिशासी अभियंता राजीव गर्ग से मिलने पहुंचे। चौहान ने गर्ग से कहा कि उनके वार्ड में पेचवर्क और नालियों पर क्रॉस बनाने का कार्य कराना है। इस पर गर्ग ने जवाब दिया कि यह काम उनके पास नहीं है तो चौहान ने फिर कहा कि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र केे वे ही अधिशासी अभियंता हैं। गर्ग ने उन्हें सहायक अभियंता ललित मोहन से बात करने को कहा तो चौहान ने उन्हें फोन करने को कह दिया। गर्ग के इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। चौहान ने सीईओ मीणा को फोन मिलाकर चौहान ने बात कराना चाही तो इनकार कर दिया। चौहान ने मीणा को फोन पर बताया कि गर्ग उनसे बात करना नहीं चाहते हैं ताे मीणा ने उन्हें अपने कक्ष में बुला लिया।
कई शिकायतें थीं
गर्ग की कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थी। मंगलवार को पार्षद चौहान से उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। गर्ग को केकड़ी और सरवाड़ नगर पालिका का कार्य दिया गया है।\\' -सीआर मीणा, सीईओ,निगम
अपने वार्ड में पेचवर्क आदि का कार्य कराने के लिए गर्ग के पास गया था, लेकिन उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। जनप्रतिनिधि की यह स्थिति है तो आम नागरिकों से वे कैसे बात करते होंगे।\\' -दिनेश चौहान, पार्षद
मेरे और पार्षद के बीच कोई झगड़ा नहीं हुआ। सरकार जो काम देगी वह करेंगे। पूर्व मेयर से विवाद हुआ था। मैं सही काम करता हूं, इसलिए झगड़े होते हैं।' -राजीवगर्ग, अधिशासीअभियंता, नगर निगम