अजमेर। नेशनल हाइवे जाम करने के आरोप में पिछले चार दिनों से अजमेर जेल में बंद भारतीय जनता पार्टी के पार्षद जयनारायण दग्दी समेत सभी 6 आरोपियों को जिला एवं सेशन न्यायालय ने जमानत-मुचलके पर रिहा करने के आदेश दिए हैं।
गत 24 अगस्त को पुष्कर कस्बे से गुजर रहे नेशनल हाईवे-89 को जाम करने के आरोप में पुलिस ने गत दिनों भाजपा पार्षद जयनारायण दग्दी, विष्णुकांत, छुट्टन गहलोत, काना सैन, त्रिलोक माली एवं बालकिशन खत्री को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया। न्यायालय ने जमानत खारिज कर सभी आरोपियों को जेल भिजवा दिया था।
आरोपियों की ओर से जिला न्यायालय में एडवोकेट कुलदीप पाराशर एवं मदन लाल सांखला ने पैरवी की। उल्लेखनीय है कि हाइवे जाम करने के मामले में पुलिस ने समझाइश भी की थी लेकिन इनके नहीं मानने पर मुकदमा दर्ज किया था।