- Hindi News
- केंद्रीय मूल्यांकन विश्वसनीय और श्रेष्ठ विधा
केंद्रीय मूल्यांकन विश्वसनीय और श्रेष्ठ विधा
गुजरातमें केंद्रीय मूल्यांकन के अध्ययन के लिए गए राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दल ने अपनी रिपोर्ट बोर्ड प्रशासक और संभागीय आयुक्त आरके मीणा को सौंप दी। दल ने अपनी रिपोर्ट में केंद्रीय मूल्यांकन को इस प्रतिस्पर्धी युग में मूल्यांकन की विश्वसनीय और श्रेष्ठ विधा बताया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि इसे देश के अनेक शिक्षा बोर्डों ने अंगीकार किया हुआ है।
दल की मुख्य संयोजिका बोर्ड की विशेषाधिकारी प्रिया भार्गव ने बताया कि केन्द्रीय मूल्यांकन इस प्रतिस्पर्धी युग में मूल्यांकन की विश्वसनीय और श्रेष्ठ विधा है, जिसे देश के अनेक शिक्षा बोर्डों ने अंगीकार किया है। गुजरात माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा केन्द्रीय मूल्यांकन में विषय से संबंधित सभी परीक्षकों को एक स्थान पर बुलाकर एक सुपरवाइजर की निगरानी में मूल्यांकन कार्य कराया जाता है। सभी परीक्षकों को मूल्यांकन से पूर्व अंक विभाजन व्यवस्था और उत्तर कुंजी के बारे में विस्तार से बताया जाता है ताकि मूल्यांकन कार्य में एकरूपता हो। अंकों के योग, प्रश्नों के प्राप्तांकों के पृष्ठांकन तथा सभी प्रश्नों का मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिये प्रत्येक समूह के साथ एक अतिरिक्त परीक्षक नियुक्त किया जाता है। मूल्यांकन कार्य करने से पूर्व परीक्षार्थी के मूल नामांक को ढक दिया जाता है ताकि परीक्षार्थी का परिचय उजागर नहीं हो।