लिपिक ग्रेड सैकंड 2013 का परिणाम जल्द
अजमेर| राजस्थानलोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित लिपिक ग्रेड सैकंड प्रतियोगी परीक्षा 2013 का परिणाम जल्द सकता है। आयोग द्वारा टीएसपी सहरिया क्षेत्र के अभ्यर्थियों से विकल्प पत्र भरवाने के बाद यह संभव होने जा रहा है। आयोग की ओर से टीएसपी सहरिया क्षेत्र के अभ्यर्थियों से विकल्प पत्र भरवाने की अंतिम तिथि 7 दिसंबर तय की थी। यह बीत चुकी है और आयोग को इन क्षेत्रों के कुछ अभ्यर्थियों के विकल्प पत्र भी प्राप्त हो गए हैं। अब आयोग इस परीक्षा के परिणाम की तैयारी में जुट गया है। आयोग के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि परिणाम लगभग तैयार है। केवल टीएसपी सहरिया क्षेत्र के अभ्यर्थियों के विकल्प पत्रों के चलते ही अटका हुआ था। अब आयोग को ये विकल्प पत्र मिल गए हैं। इनकी औपचारिकता पूरी करने के बाद आयोग इस परीक्षा का परिणाम घोषित कर सकेगा। आरपीएससी में 33, अधीनस्थ विभागों में 7538 और शासन सचिवालय के 275 पदों के लिए भर्ती परीक्षा 11 जनवरी 2014 को हुई थी। इस परीक्षा में करीब 6.5 लाख अभ्यर्थी प्रविष्ट हुए थे।