अवैध निर्माण रोकने की मांग
अजमेर| कड़क्का(लक्ष्मी) चौक व्यापारी संघ ने क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण रोकने के लिए नगर निगम सीईआे सीआर मीणा से शिकायत की है। व्यापारियों का आरोप है नियमों की खुले आम धज्जियां उड़ाकर होटल निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्रवासियों आैर दुकानदारों में रोष व्याप्त है। व्यापारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध निर्माण को रोक कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। कड़क्का (लक्ष्मी) चौक व्यापारी संघ के अध्यक्ष पुष्पेंद्र गौड़ ने शिकायत में बताया कि क्षेत्र में नगर निगम नियमों की धज्जियां उड़ाकर अवैध निर्माण कर बहुमंजिला होटल बनाई जा रही है। इस निर्माण से क्षेत्रवासियों आैर व्यापारियों में रोष है। अवैध निर्माण ध्वस्त कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं किए जाने पर व्यापार संघ ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इधर इस मामले में सीईआे सीआर मीणा का कहना है कि अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ निगम सख्ती से पेश आएगा, दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
500से ज्यादा अवैध निर्माण चिह्नित : निगमने शहरभर में हो रहे अवैध निर्माणों को चिन्हित कर रखा है। इनमें से कई को नोटिस भी दिया जा चुका है, इसके बावजूद अवैध निर्माण अब तक ध्वस्त नहीं किया गया। दरगाह बाजार, डिग्गी बाजार, पुरानी मंडी, मदारगेट, सिनेमा रोड शिवाजी पार्क के सामने, कवंडसपुरा, भूगल गली, न्यू कवंडसपुरा, जयपुर रोड, आगरा गेट, नला बाजार, नया बाजार, केसरगंज सहित अन्य कई क्षेत्रों में बड़ी संख्या में अवैध निर्माण हैं।