- Hindi News
- बिजली कंपनियों में एक साल बाद जेईएन को पोस्टिंग
बिजली कंपनियों में एक साल बाद जेईएन को पोस्टिंग
प्रदेशकी पांचों बिजली कंपनियों में 1362 नवनियुक्त कनिष्ठ अभियंताओं (जेईएन) को इसी महीने में पोस्टिंग दी जाएगी। ऊर्जा विभाग की ओर से पेपर लीक प्रकरण में क्लीन चीट मिलने के बाद बिजली कंपनियों ने पोस्टिंग आदेश जारी करना शुरू कर दिया है। जयपुर डिस्कॉम ने आदेश जारी कर नवनियुक्त 212 कनिष्ठ अभियंताओं (जेईएन) को पोस्टिंग दे दी। वहीं बिजली प्रसारण कंपनी ने भी जेईएन के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए। जेईएन भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के प्रकरण के बाद पिछले एक साल से जेईएन की भर्ती अटकी हुई थी। जयपुर डिस्कॉम सहित अन्य सरकारी बिजली कंपनियों में जेईएन की पोस्ट खाली होने के कारण सिस्टम की मेंटेनेंस, बिलों की गलती, कनेक्शन जारी होने, रेवन्यू वसूली सहित अन्य काम प्रभावित हो रहे थे। जयपुर डिस्कॉम के एमडी अनुराग भारद्वाज ने बताया कि मेरिट के आधार अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी गई है। नई पोस्टिंग के बाद डिस्कॉम में जेईएन के अधिकांश रिक्त पद भर दिए गए है। इससे बिजली कंपनी के कार्यों में गति आएगी उपभोक्ताओं की बिजली से संबंधित शिकायतों का निस्तारण भी तेजी से होगा। सभी जेईएन को 25 फरवरी तक कार्यग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
यहहै मामला
प्रदेशकी जयपुर डिस्कॉम, अजमेर डिस्कॉम, जोधपुर डिस्कॉम, बिजली उत्पादन कंपनी (आरवीयूएनएल) और प्रसारण बिजली कंपनी (आरवीपीएन) में जूनियर इंजीनियर की भर्ती के लिए राजस्थान राज्य बिजली प्रसारण कंपनी को जिम्मेदारी दी गई है। बिजली प्रसारण कंपनी ने परीक्षा आयोजित करवाने के लिए एक एजेंसी को पूरा काम ठेके पर दे दिया है। प्रदेश की सरकारी बिजली कंपनियों में 1362 जूनियर इंजीनियर (जेईएन) की भर्ती के लिए 21 दिसंबर 2013 को लिखित परीक्षा हुई थी। भर्ती के लिए 42 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान एजेंसी ने अभ्यर्थियों से प्रश्न-पत्र ले लिया था। लेकिन बाद में कुछ परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न-पत्रों की फोटोकॉपी मिली। इस पर अभ्यर्थियों ने पेपर आउट होने की आशंका जताते हुए शिकायत की।