पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • वाल्मीकि महासभा ने मांगा वासुदेव देवनानी से इस्तीफा

वाल्मीकि महासभा ने मांगा वासुदेव देवनानी से इस्तीफा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिलाप्रमुख पद के लिए सर्वसम्मति से किरण जेदिया का नाम तय होने के बावजूद उनके स्थान पर वंदना नोगिया को जिला प्रमुख बनाने का अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा ने विरोध किया है।

महासभा ने इस बात पर असंतोष जताया कि विधायकों द्वारा जेदिया को जिला प्रमुख का प्रत्याशी बनाने का पत्र देने के बावजूद इसे आलाकमान तक नहीं पहुंचाया गया। समाज ने ऐसा करने पर पंचायत चुनाव के भाजपा प्रभारी वासुदेव देवनानी से इस्तीफा देने की मांग करते हुए दो टूक शब्दों में कहा कि उन्हें समाज के किसी भी कार्यक्रम में नहीं बुलाया जाएगा। साथ ही आने वाले निकाय चुनावों में वाल्मीकि समाज भाजपा का विरोध करेगी। महासभा के प्रदेशाध्यक्ष कन्हैयालाल कलोसिया ने मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को पत्र भेजकर जिला प्रमुख पद पर चयनित एवं लॉटरी विजेता उम्मीदवार को षडयंत्र पूर्वक चयन से वंचित रखने को शर्मनाक बताया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 9 प्रतिशत आबादी वाल्मीकि समाज की है, जबकि इस वर्ग से कोई सांसद, विधायक, जिला प्रमुख प्रधान नहीं होने से भाजपा का भेदभावपूर्ण रवैया सामने आया है। अखिल भारतीय वाल्मीकि समाज के नरेश सारवान ने कहा कि एससी महिला आरक्षित सीट होने के बाद भी भाजपा ने समाज की उपेक्षा की है। किरण जेदिया के नाम की लॉटरी निकलने के बाद भी उन्हें जिला प्रमुख नहीं बनाया जाना निंदनीय है।

सारवान ने चेतावनी दी कि आने वाले निकाय चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। महासभा के प्रेम संजय सांगेला ने कहा कि लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में भाजपा को पूर्ण समर्थन देने के बाद भी समाज को प्रतिनिधित्व नहीं दिया। जिला प्रमुख की सीट के लिए सहमति बनने के बाद भी किरण जेदिया के नाम को दरकिनार कर दिया गया। उक्त भेदभाव से प्रदेश के वाल्मीकि समाज में भारी रोष है।

जिला प्रमुख के लिए किरण जेदिया का नाम काटने काे लेकर किया विरोध