पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 12 हजार से भी ज्यादा लोगों ने पिया काढ़ा

12 हजार से भी ज्यादा लोगों ने पिया काढ़ा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सेहत के लिए किया काढ़े का सेवन

स्वाइनफ्लू संक्रमण से बचाव के लिए सजग रहने के आह्वान के साथ विभिन्न संस्थाओं की ओर से शहर में कई स्थानों पर काढ़ा वितरण किया गया। काढ़ा वितरण शुक्रवार को भी जारी रहेगा। राजकीय जिला आयुर्वेद अस्पताल लौंगिया में स्वाइन फ्लू, सर्दी, जुकाम बुखार आदि मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए गुरुवार को 351 व्यक्तियों को काढ़ा पिलाया गया। लायंस क्लब अजमेर उमंग की ओर से बुधवार गुरुवार को शिविर लगाकर दरगाह बाजार में स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए काढ़ा वितरित किया गया। राजेंद्र कुमार गांधी ने बताया कि दोनों दिन 6 हजार लोगों ने काढ़े का सेवन किया। शुक्रवार को वैशालीनगर सागर विहार स्थित शहीद भगत सिंह उद्यान में काढ़ा वितरित किया जाएगा।

एमडीएस विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में छात्र-छात्राओं कर्मचारियों, अधिकारी सहित अन्य के लिए तीन दिवसीय स्वाइन फ्लू बचाव के लिए होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. पीके माथुर के परामर्श और औषधियां का वितरण किया गया। आयुर्वेदाचार्य चतुर्वेद, कुलपति रेनू जयपाल, प्रो. लक्ष्मी ठाकुर, प्रो. बीपी सारस्वत, डॉ. सुब्रतो दत्ता, डॉ. प्रवीण माथुर, डॉ. भारती जैन, डॉ. राजू शर्मा, डॉ. आरके गोधा, सहित उपस्थित थे। आयुर्वेदाचार्य चतुर्वेद के नेतृत्व में संभागीय आयुक्त कार्यालय में 100 कर्मचारियों को काढ़ा वितरित किया गया। कृष्ण गोपाल आयुर्वेद भवन द्वारा प्रति सप्ताह 5 दिन ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं। वैद्य अमित जोशी घर घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर निशुल्क 59 लोगों को औषधि प्रदान की। डॉ. एमडी रायपुरिया ने बताया कि क्रिश्चियनगंज में ट्रस्ट की ओर से शांत माता मंदिर पर चित्रांश सिंह के सहयोग से काढ़ा वितरित किया गया। शुक्रवार को ग्राम बाघसूरी में शिविर आयोजित किया जाएगा।

नारायण सेवा संस्थान की ओर से सरकारी स्कूलों में स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए निशुल्क मास्क वितरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अजमेर शाखा संयोजक अमित गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में संस्था सदस्य संजय गुप्ता, लक्ष्मी नारायण, प्रदीप जैन, मनीष चौधरी, रूपचंद मलुका सहित उपस्थित थे।

सुभाषनगर, खानपुरा रोड पर गुरुवार को पूर्व छात्र संघ संयुक्त सचिव राजकीय महाविद्यालय अश्विनी सोनी एवं समाजसेवी मनीष सोनी द्वारा स्वाइन फ्लू से राहत के लिए काढ़ा वितरित किया गया। राजस्थान बिल्डिंग मजदूर एसोसिएशन द्वारा गुरुवार को विश्वकर्मा मंदिर पर करीब 4 हजार लोगों को काढ़ा वितरित किया।

ग्राम माकड़वाली स्थित प्रज्ञा स्कूल में शनिवार सुबह 11 बजे से 2 बजे तक काढ़ा वितरित किया जाएगा। रेणु माथुर ने बताया कि विद्यार्थियों के अलावा ग्रामवासियों को भी काढ़े का वितरण किया जाएगा। चौरसियावास रोड स्थित झूलेलाल मंदिर पर समिति द्वारा गुरुवार को स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए काढ़ा वितरित किया गया। जिसमें करीब 8 सौ लोगों ने काढ़े का सेवन किया। मंदिर ट्रस्टी प्रकाश जेठरा ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 10 बजे से काढ़ा वितरित किया जाएगा।

दशमेश सत्संग गुरुद्वारा अलवर गेट द्वारा गुरुवार को कॉन्वेंट स्कूल के पास टेंट लगाकर लगभग 1500 लोगों को काढ़ा वितरित किया गया। सचिव नरेंद्र सिंह छाबड़ा ने बताया कि गुरु महाराज से अजमेर की जनता को स्वाइन फ्लू बीमारी से बचने और तंदुरूस्त रहने की अरदास की गई। नाकामदार जन सेवा समिति की ओर से राजस्थान आयुर्वेद शल्य चिकित्सा इकाई के सौजन्य से 14 15 फरवरी को सुबह 10 से 2 दोपहर बजे तक विद्युत कॉलोनी, शिव मंदिर पर स्वाइन फ्लू काढ़ा वितरित किया जाएगा। समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम टिलवानी ने निशुल्क काढ़े का सेवन करने का आग्रह किया है। भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं आदर्श सिंधी पंचायत, आदर्श नगर की ओर से राजकीय विद्यालय तिलोरा पुष्कर में स्वाइन फ्लू के बचाव के लिए निशुल्क योग एवं काढ़ा वितरण किया गया।

आदर्श क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी तथा आयुर्वेद विभाग की ओर से शास्त्री नगर स्थित पार्क नंबर 3 में स्वाइन फ्लू के प्रकोप से बचने के लिए करीब 2000 लोगों को निशुल्क काढ़ा वितरण किया गया। संयोजक मनोज मंगल ने बताया डॉ.बीएल शर्मा अशोक शर्मा तथा विभाग की टीम ने काढ़ा तैयार किया। इस मौके पर संजय हांडा, डॉ.एसडी मिश्रा, अजय गोयल, संजय मंगल विपिन टंडन समेत अन्य कई लोगों ने सेवाएं दी। काढ़ा लेने के लिए लोग उत्साहित नजर आए।

मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के आयुर्वेद विभाग की ओर से आयोजित चार दिवसीय काढ़ा वितरण कार्यक्रम का गुुरुवार काे समापन हुआ। इस दौरान 12 हजार से भी अधिक लोग लाभांवित हुए। हॉस्पिटल के आयुर्वेदाचार्य वैद्य विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि इस रोग को वातश्लेष्मिक ज्वर कहते हैं। आयुर्वेद में ऐसी अनेक औषधियां हैं जो विभिन्न रोगों के उपचार में अत्यंत कारगर सिद्ध हुई हैं। एलोपैथिक चिकित्सा के साथ-साथ इस काढ़े को भी अनेक जड़ी-बूटियों के मिश्रण से तैयार किया गया। इसके उपयोग से स्वाइन फ्लू के प्रति शरीर की रोग अवरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। हॉस्पिटल के निदेशक सुनील मित्तल ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में काढ़ा सेवन के लिए आए व्यक्तियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बताया।

मित्तल अस्पताल में काढ़ा पीने के लिए उमड़ी भीड़।

मदस विश्वविद्यालय में काढ़े का वितरण किया गया।

क्रिशिचयनगंज में जिला प्रमुख वीएचपी नेता काढ़ा वितरण करते हुए।