- Hindi News
- फूलों से निखरेगी पुष्कर घाटी, बनेगा इको टूरिज्म केंद्र
फूलों से निखरेगी पुष्कर घाटी, बनेगा इको टूरिज्म केंद्र
अजमेर | पुष्करघाटी अब फूलों से निखरेगी। वहीं घाटी को इको टूरिज्म केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग प्रस्ताव तैयार करेगा। इस संबंध में संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेंद्र भटनागर ने गुरुवार को वन विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
डीसी डॉ. भटनागर ने वन विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि अजमेर को हैरिटेज स्मार्ट सिटी के रूप में चयनित किया गया है। ऐसे में पुष्कर घाटी पर्यटन विकास के लिए बेहतर साबित हो सकती है। इसे फूलों की घाटी तथा इको टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। इसे लेेकर उन्होंने विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। डॉ. भटनागर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने शहर में सड़कों की दशा में सुधार के लिए पीडब्ल्यूडी, एडीए एवं नगर निगम के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर 15 दिन में इस समस्या का हल निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने संभाग में विभिन्न नए भवनों के निर्माण के लिए संबंधित जिला कलेक्टरों को पत्र लिखने के भी निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने ग्रामीण गौरव पथ, जलदाय विभाग, सौर ऊर्जा तथा अन्य विभागों से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त रमेश चंद्र सोलंकी, नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सी.आर. मीना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।