स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में अजमेर को दो करोड़ की स्वीकृति
अजमेर | देशके पहले चरण में चयनित 20 शहरों की सूची में स्थान बनाने से वंचित रहे अजमेर नगर निगम को शहरी विकास मंत्रालय ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन के मद्देनजर दो करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की है। आगामी वित्त वर्ष में भी स्मार्ट सिटी के लिए सूचीबद्ध देश के शेष 80 शहरों में से 20 का चयन होना प्रस्तावित है।
स्मार्ट सिटी के लिए तय मापदंड पूरे नहीं होने के कारण अजमेर शहर का चयन प्रथम सूची के शहरों में शुमार नहीं हो सका। योजना में शामिल होने के तहत नगर निगम द्वारा जो कार्य अब तक किए गए, उसके लिए राशि की मंजूरी नहीं मिली थी। जबकि 100 शहरों की सूची में शामिल सभी शहरों को एक-एक करोड़ रुपए प्रोजेक्ट में शामिल होने के संबंध में उनके द्वारा किए जाने वाले परिचालन एवं संचालन संबंधी कामों इनके लिए रखे जाने वाले कर्मचारियों तथा कंसलटेंट फर्म के लोगों, प्रोजेक्ट प्रचार-प्रसार, स्टेशनरी, इनके उपयोग के लिए खरीद किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक अन्य उपकरणों के मद्देनजर इस राशि का उपयोग किया जाना है। शहरी विकास मंत्रालय की दो वर्षों के लिए दो करोड़ रुपए की स्वीकृति एक साथ जारी की गई है। इतनी ही राशि उदयपुर जयपुर के लिए भी स्वीकृत हुई है। इन शहरों को इसके अलावा 100-100 करोड़ रुपए योजना के प्रस्तावित क्रियान्वयन के लिए भी मिलेगी।