अजमेर|ब्यावर रोडसब्जी मंडी में ठगों ने एक महिला को झांसा
अजमेर|ब्यावर रोडसब्जी मंडी में ठगों ने एक महिला को झांसा देकर उसके कान में पहने सोने के टाॅप्स उतरवा लिए और उसे नोटों की नकली गड्डी थमाकर चंपत हो गए।
रामगंज थाना पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर संदिग्धों की तलाश की, लेकिन आरोपी नहीं मिले। जानकारी के अनुसार मंगलवार को दो युवक एक युवती ने सब्जी मंडी में एक महिला से बातचीत कर उसे अपने जाल में फांस लिया। आरोपियों ने महिला से उसके कान में पहने सोने के टाप्स की डिजाइन की तारीफ की और उससे कहा कि वह भी इस डिजाइन के टाप्स खरीदना चाहते हैं, लेकिन टाप्स बनवाने का उनके पास समय नहीं है। युवक ने नोटों की गड्डी महिला को दिखाते हुए कहा कि अगर वह चाहे तो टाप्स की कीमत वह उसे तीस हजार रुपए दे सकता है। महिला शातिरों के जाल में फंस गई। बीस हजार के टाप्स की कीमत तीस हजार मिलने की लालच में उसने कानों से टाप्स निकाल कर उन्हें दे दिए। बदले में शातिर ठग उसे नोटों की कथित गड्डी थमाकर चले गए। बाद में जब महिला ने गड्डी देखी तो उसमें ऊपर नीचे दो असली नोट थे, भीतर कागज निकले। लोगों की मदद से वह थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। एएसपी अवनीश कुमार ने घटना की पुष्टि की है, लेकिन रामगंज थाना पुलिस ने मामले से अनभिज्ञता जाहिर कर दी।
महिला के हाथ में नोटों की नकली गड्डी थमा कर सोने के टाॅप्स ले गए