भाजपा-कांग्रेस की प्री जीसी में पार्षदों से लिए सुझाव, तय की रणनीति
नगरनिगम की साधारण सभा गुरुवार को आयोजित की जाएगी। साधारण सभा में दो प्रस्ताव रखे गए हैं। प्रमुख रूप से वर्ष 2016-17 का निगम का बजट पेश किया जाएगा और दूसरा हृदय योजना के तहत 40.40 करोड़ के होने वाले कामों पर मुहर लगेगी। इस कार्य के लिए एक ही निविदा आई है। इसके लिए साधारण सभा में स्वीकृति ली जाएगी। साधारण सभा के मद्देनजर भाजपा और कांग्रेस ने रणनीति तय कर ली है। दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों ने प्री जीसी आयोजित कर पार्षदों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
भाजपाने लिए पार्षदों से सुझाव
दिव्यदीप समारोह स्थल पर भाजपा पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद यादव ने बताया कि बैठक में साधारण सभा की तैयारी को लेकर तीन बिंदुओं पर चर्चा की गई। महापौर धर्मेंद्र गहलोत ने बजट प्रस्तावों पर पार्षदों को जानकारी दी। जिससे वे साधारण सभा में सशक्त भूमिका निभा सकें। निगम के आय स्त्रोत बढ़ाने के लिए सुझाव मांगे गए। शहर में बनने वाले हैरिटेज वाॅक-वे पर भी चर्चा की गई। बैठक में उपमहापौर संपत सांखला, मंडल अध्यक्ष राजकुमार ललवानी, राजेश शर्मा, प्रचार मंत्री शरद गोयल सहित पार्षद मौजूद थे।
कांग्रेसपार्षदों ने की चर्चा
कांग्रेसपार्षदों की प्री जीसी नानकी भवन पैलेस में हुई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह रलावता तथा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी रहे हेमंत भाटी की मौजूदगी में हुई बैठक में पार्षदों ने प्रस्तावित बजट पर चर्चा की। पार्षदों ने नागरिक सुविधाओं, एडीए से मिलने वाली वाली 15 फीसदी राशि, विवाह समारोह स्थलों से होने वाली आय, मोबाइल टावरों से आय, सीवरेज लाइन से कनेक्शन शुल्क की राशि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत आदि मामले सभा में उठाने का निर्णय लिया। पार्षदों ने यह मामला भी उठाया कि केंद्र राज्य सरकार से विभिन्न योजनाओं जवाहर लाल नेहरू मिशन, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, अमृत योजना, स्वच्छ भारत योजना, हृदय योजना मद में राशि तो मिल रही है, लेकिन समय पर काम नहीं होने के कारण शहर में विकास के काम पूरे नहीं हो पा रहे है। बैठक में समीर शर्मा, सुनील केन, मनोज बैरवा, चंद्र शेखर बालोटिया, श्रवण टोनी, विजय सिंह, रेखारानी पिंगोलिया, कैलाश कोमल, शारदा, ललित वर्मा आदि मौजूद थे।
नगर निगम की साधारण सभा से पूर्व आयोजित प्री जीसी में शामिल भाजपा पार्षद।